हरियाणा के युवकों ने फिर की गंगा की मर्यादा तार-तार, ऋषिकेश के गंगा घाट पर शराब पीकर की अश्लीलता!

ऋषिकेश में गंगा किनारे एक बार फिर बाहरी युवकों की शर्मनाक हरकतों ने माहौल गरमा दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में चार युवक गंगा आरती के बाद कथित रूप से शराब के नशे में अभद्रता और अश्लील हरकतें करते दिखाई दे रहे हैं।

गंगा में अश्लील हरकत करते दिखे युवक

बताया जा रहा है कि सभी युवक हरियाणा के रहने वाले हैं। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और गंगा भक्तों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। वीडियो में युवकों का व्यवहार न सिर्फ गंगा की पवित्रता और धार्मिक मर्यादा के खिलाफ माना जा रहा है, बल्कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में उनकी हरकतों ने लोगों को भी असहज कर दिया।

फिर छिड़ी हरियाणा बनाम उत्तराखंड की बहस

मामला सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई और एक बार फिर हरियाणा बनाम उत्तराखंड की बहस छिड़ गई।दरअसल, इससे पहले भी ऋषिकेश में हरियाणा के एक युवक की पिटाई के मामले ने खूब तूल पकड़ा था। उस विवाद के बाद यूट्यूबर हर्ष छिकारा के बयान को लेकर भी माहौल काफी गर्माया था। अब ताजा वीडियो ने पुराने विवाद को फिर हवा दे दी है।

गंगा सभा के पदाधिकारी ने सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो गंगा सभा के पदाधिकारी उज्ज्वल पंडित द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपित युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें: Rishikesh में हरियाणा के युवकों को नग्न कर पीटा!, छेड़छाड़ का आरोप, अब बच्ची की मां ने बताई सच्चाई

स्थानीय लोगों ने की बाहरी उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ऋषिकेश की छवि प्रभावित हो रही है। लोगों ने प्रशासन से गंगा घाटों और आरती स्थलों पर सख्त निगरानी और बाहरी उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।