सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या पर उबाल: ‘रेकी के बाद किया कोल्ड-ब्लडेड मर्डर’, भवानीपुर की हार से जोड़ा जा रहा कनेक्शन

West Bengal Political Violence: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के अभी 48 घंटे भी नहीं बीते थे कि राज्य एक बार फिर रक्तरंजित हो उठा है। बीजेपी के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में हुई निर्मम हत्या ने पूरे राज्य में सियासी भूचाल ला दिया है। सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना को राज्य में व्याप्त ‘महाजंगलराज’ का प्रमाण बताते हुए इसे एक सुनियोजित साजिश करार दिया है।

‘तीन दिनों तक हुई रेकी, फिर मारी गोली’

सुवेंदु अधिकारी ने मीडिया से मुखातिब होते हुए इस हत्याकांड की डरावनी परतों को खोला। उन्होंने पुलिस महानिदेशक (DGP) के हवाले से बताया कि हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम देने से पहले दो से तीन दिनों तक चंद्रनाथ की रेकी की थी। सुवेंदु ने तीखे लहजे में कहा, “यह पिछले 15 वर्षों के कुशासन और गुंडाराज का नतीजा है। अब बीजेपी इन अपराधियों के सफाए का अभियान शुरू करेगी।” हालांकि, उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और कानून को हाथ में न लेने की अपील भी की।

चश्मदीद की जुबानी: पेशेवर अंदाज में किया हमला

न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए एक चश्मदीद ने उस खौफनाक मंजर को बयां किया। चश्मदीद के मुताबिक, घटना रात 10:30 से 11:00 बजे के बीच हुई। हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने बाइक से चंद्रनाथ की गाड़ी को घेरा और प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोलियां बरसा दीं। हमलावर ने महज दो राउंड फायरिंग की और पलक झपकते ही वहां से रफूचक्कर हो गया। इस हमले में चंद्रनाथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है।

क्या भवानीपुर की हार का है बदला?

बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने इस हत्याकांड को भवानीपुर विधानसभा सीट पर ममता बनर्जी की हार से जोड़ते हुए सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव परिणामों का गुस्सा निकालने के लिए निर्दोष कार्यकर्ताओं और सहायकों को निशाना बनाया जा रहा है। पॉल ने यह भी जानकारी दी कि एक अन्य बूथ कार्यकर्ता पर भी जानलेवा हमला किया गया है।

‘सरकार संभालते ही होगा हिसाब’: सुकांत मजूमदार

पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने पुलिस की अब तक की जांच पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि डीजीपी ने जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की पुष्टि की है। मजूमदार ने भरोसा दिलाया कि जैसे ही राज्य में नई सरकार शपथ लेगी, अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और बंगाल में कानून का राज स्थापित होगा।

TMC का पलटवार: CBI जांच की मांग

इन गंभीर आरोपों के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने घटना की कड़ी निंदा की है। बीजेपी द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए टीएमसी ने इस पूरे मामले की CBI जांच की मांग की है, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।