सतपुली को मिला नए कॉलेज भवन का तोहफा, उच्च शिक्षा मंत्री ने किया लोकार्पण

सूबे के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने पौड़ी जनपद भ्रमण के दूसरे दिन आज सतपुली क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय सतपुली में आयोजित भव्य कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सतपुली डिग्री कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सतपुली क्षेत्र लंबे समय से उच्च शिक्षा के लिए स्थायी और मजबूत आधारभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहा था, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को अपना स्थायी भवन मिलने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें यहीं पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिलेगी।

पॉलिटेक्निक कॉलेज के नवनिर्माणाधीन भवन का किया स्थलीय निरीक्षण

उच्च शिक्षा मंत्री ने अपने भ्रमण के दौरान सतपुली स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के नवनिर्माणाधीन भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्ध पूर्णता को लेकर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।