Shukrawar Ke Upay: बरसों पुरानी कंगाली होगी दूर, शुक्रवार को कर लें ये 5 छोटे काम

Maa Lakshmi Shubh Upay: हिंदू धर्म में शुक्रवार का दिन धन, ऐश्वर्य और सुख-समृद्धि की अधिष्ठात्री देवी मां लक्ष्मी को समर्पित है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, यदि कुंडली में शुक्र ग्रह कमजोर हो तो व्यक्ति को आर्थिक तंगी और भौतिक सुखों की कमी का सामना करना पड़ता है। लेकिन शुक्रवार के दिन किए गए कुछ विशेष उपाय न केवल मां लक्ष्मी को प्रसन्न करते हैं, बल्कि आपकी बंद किस्मत के ताले भी खोल सकते हैं। अगर आप भी करियर में तरक्की और कर्ज से मुक्ति चाहते हैं, तो आज का दिन आपके लिए बेहद खास है। आइए जानते हैं वे अचूक उपाय जो आपको बना सकते हैं मालामाल।

लक्ष्मी-नारायण स्तोत्र से चमकेगा भाग्य

धन और वैभव की प्राप्ति के लिए शुक्रवार के दिन केवल मां लक्ष्मी ही नहीं, बल्कि भगवान विष्णु की भी आराधना करना सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। इस दिन ‘श्री लक्ष्मी नारायण स्तोत्र’ का पाठ करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यदि आप अपनी मनोकामना को शीघ्र पूरा करना चाहते हैं, तो पूजा के बाद लक्ष्मी-नारायण को केसर युक्त खीर का भोग जरूर लगाएं। मान्यता है कि इससे दरिद्रता घर का रास्ता भूल जाती है।

तिजोरी में रखें ये पांच लाल फूल

मां लक्ष्मी को लाल रंग अत्यंत प्रिय है। शुक्रवार की सुबह स्नान के बाद साफ वस्त्र धारण करें और हाथ में पांच लाल रंग के फूल (गुलाब या गुड़हल) लेकर माता लक्ष्मी का ध्यान करें। अपनी प्रार्थना करने के बाद इन फूलों को श्रद्धापूर्वक अपनी तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रख दें। ऐसा करने से घर में धन की आवक बढ़ती है और अनावश्यक खर्चों पर लगाम लगती है।

कनकधारा स्तोत्र: आर्थिक तंगी का रामबाण इलाज

अगर आपका पैसा कहीं फंसा हुआ है या मेहनत के बाद भी बरकत नहीं हो रही है, तो शुक्रवार को ‘कनकधारा स्तोत्र’ का पाठ करना न भूलें। पाठ करने के बाद अपने माथे पर केसर का तिलक लगाएं। यह उपाय सोए हुए भाग्य को जगाने वाला माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार, आदि गुरु शंकराचार्य ने इस स्तोत्र के जरिए सोने की वर्षा करवाई थी, इसलिए इसे धन प्राप्ति का सबसे शक्तिशाली माध्यम माना जाता है।

श्रीसूक्त के पाठ से दूर होंगे सारे कष्ट

ऋग्वेद में वर्णित ‘श्रीसूक्त’ का पाठ मां लक्ष्मी को तुरंत प्रसन्न करने वाला माना गया है। शुक्रवार की शाम को गाय के घी का दीपक जलाकर विधि-विधान से पूजा करें और श्रीसूक्त की ऋचाओं का पाठ करें। इससे न केवल धन संबंधी परेशानियां खत्म होती हैं, बल्कि परिवार में चल रहे कलह-कलेश से भी मुक्ति मिलती है।

शुक्र ग्रह को मिलेगी मजबूती, बढ़ेगा प्रेम और ऐश्वर्य

ज्योतिष में शुक्र को प्रेम, सौंदर्य और विलासिता का ग्रह माना जाता है। शुक्रवार के दिन सफेद वस्तुओं जैसे दूध, दही, चीनी या सफेद वस्त्रों का दान करने से कुंडली में शुक्र दोष दूर होता है। जब शुक्र मजबूत होता है, तो व्यक्ति का सामाजिक मान-सम्मान बढ़ता है और जीवन में सुख-सुविधाओं की कभी कमी नहीं रहती। याद रखें, मां लक्ष्मी वहीं वास करती हैं जहां साफ-सफाई और अनुशासन का पालन होता है।