लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग पर जल्द मिल सकती है राहत, अनिल बलूनी ने की CEC चेयरमैन से मुलाकात

लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर ‘कमर्शियल वाहन’ शब्द को लेकर चल रहे भ्रम और स्थानीय लोगों की परेशानियों को लेकर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) के चेयरमैन चंद्र प्रकाश गोयल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एक प्रतिवेदन सौंपते हुए स्थानीय जनता की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग उठाई।

अनिल बलूनी ने उठाया लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग का मुद्दा

गढ़वाल सांसद बलूनी ने कहा कि कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों के अधिकांश लोग देहरादून और हरिद्वार आने-जाने के लिए मिनी बस, टैक्सी, मैक्स वाहन और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में ‘कमर्शियल वाहन’ शब्द को लेकर बनी स्थिति से आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बलूनी ने कहा यह मार्ग क्षेत्रीय जनता के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार, रोजगार और दैनिक आवश्यकताओं तक पहुंच का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। बलूनी ने बताया कि इस विषय में उनके द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग को खोलने का महत्वपूर्ण फैसला दिया था।

CEC चेयरमैन ने दिया आश्वासन

सांसद ने CEC चेयरमैन से आग्रह किया कि स्थानीय जनता की व्यावहारिक कठिनाइयों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और उनका दैनिक जीवन प्रभावित न हो। वहीं चेयरमैन ने भरोसा दिलाया कि कमेटी स्थानीय लोगों की समस्याओं और जनहित से जुड़े पहलुओं को गंभीरता से समझते हुए। जल्द सकारात्मक निर्णय की अनुशंसा करेगी।