नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर शर्मसार हुई है। दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक चलती स्लीपर बस के भीतर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस खौफनाक घटना ने दिल्ली की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस के दावों की पोल खोल कर रख दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल बस को जब्त कर लिया है और दो मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
फैक्ट्री से घर लौट रही युवती को बस में खींचा
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता पीतमपुरा इलाके की रहने वाली है और मंगोलपुरी स्थित एक फैक्ट्री में काम करती है। सोमवार रात जब वह अपनी शिफ्ट खत्म कर घर वापस लौट रही थी, तभी सरस्वती विहार के बी-ब्लॉक बस स्टैंड के पास खड़ी एक स्लीपर बस ने उसकी जिंदगी नरक बना दी। युवती ने बस के पास खड़े एक युवक से केवल समय पूछा था, लेकिन आरोपियों ने उसे जवाब देने के बजाय जबरन बस के अंदर खींच लिया और दरवाजा बंद कर दिया।
दो घंटे तक चलता रहा हैवानियत का तांडव
बस के भीतर हैवानियत का जो मंजर शुरू हुआ, उसने 2012 के निर्भया कांड की यादें ताजा कर दीं। आरोपियों ने चलती बस में युवती के साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। दरिंदगी के दौरान आरोपी करीब 2 घंटे तक बस को दिल्ली की सड़कों पर घुमाते रहे। इस दौरान बस करीब 7 किलोमीटर तक चलती रही, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। आरोपियों ने पीड़िता को तब तक प्रताड़ित किया जब तक वह अधमरी नहीं हो गई।
खून से लथपथ हालत में सड़क पर फेंका
हैवानियत की सारी हदें पार करने के बाद आरोपियों ने रात करीब 2 बजे नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास खून से लथपथ पीड़िता को चलती बस से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दिल्ली पुलिस ने रानी बाग थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 70(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
बिहार नंबर की बस और आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने वारदात में शामिल जिस बस को जब्त किया है, उसका नंबर BR 28P 3941 है। यह नारंगी और काले रंग की स्लीपर बस ‘रॉयल ट्रैवल्स एंड कारगो’ नाम की कंपनी की बताई जा रही है, जो दिल्ली-बिहार रूट पर चलती है। पुलिस अब बस के परमिट और कागजातों की बारीकी से जांच कर रही है। पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि इस जघन्य अपराध में उनके साथ कोई और भी शामिल था या नहीं
girls globe
