
स्कूली शिक्षा के दौरान आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे परिवारों के होनहार विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। वाल्वोलिन कमिंस प्राइवेट लिमिटेड (VCPL) की सामाजिक दायित्व पहल (CSR) के तहत संचालित मुस्कान स्कॉलरशिप प्रोग्राम (Muskaan Scholarship Program 2.0) शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सक्रिय हो चुका है। इस कार्यक्रम के माध्यम से कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक में पढ़ाई कर रहे जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष ₹12,000 तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इस छात्रवृत्ति का मुख्य उद्देश्य वाणिज्यिक चालकों (ड्राइवर्स), मैकेनिकों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के बच्चों की स्कूली पढ़ाई को निर्बाध जारी रखना है। यदि आप भी इसके पात्र हैं, तो बिना देर किए आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना फॉर्म जमा कर दें क्योंकि इसके लिए आवेदन का आज अंतिम अवसर है।
मुस्कान स्कॉलरशिप एक प्रतिपूर्ति-आधारित (Reimbursement-based) वित्तीय सहायता योजना है, जिसे स्कूली विद्यार्थियों के आवश्यक खर्चों की भरपाई के लिए डिजाइन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र के दौरान स्कूल की ट्यूशन फीस, यूनिफॉर्म, किताबें और स्टेशनरी जैसे अनिवार्य खर्चों के लिए अधिकतम ₹12,000 की राशि दी जाती है। यह राशि सीधे लाभार्थी छात्र के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है। इसके अतिरिक्त, 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन और मेंटरशिप भी उपलब्ध कराई जाती है। पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को लैपटॉप या टैबलेट तथा 12वीं के बाद इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए पूर्ण छात्रवृत्ति पाने का विशेष अवसर भी इस पहल के जरिए मिलता है।
मुस्कान स्कॉलरशिप का लाभ लेने के लिए आवेदक का भारत का नागरिक होना और शैक्षणिक सत्र 2026-27 में मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 9, 10, 11 या 12 में नियमित छात्र के रूप में नामांकित होना अनिवार्य है। छात्र ने अपनी पिछली कक्षा की वार्षिक परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित किए हों। आवेदक के माता-पिता वाणिज्यिक वाहन चालक (HMV, LMV लाइसेंस धारक) हों, मैकेनिक हों या फिर परिवार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) श्रेणी में आता हो। पारिवारिक आय की दृष्टि से सभी स्रोतों को मिलाकर परिवार की कुल वार्षिक आय ₹8 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। वाल्वोलिन कमिंस या इसके पार्टनर संगठनों के कर्मचारियों के बच्चे इस छात्रवृत्ति के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे।
आवेदन फॉर्म भरते समय विद्यार्थियों को सभी आवश्यक कागजात डिजिटल रूप में तैयार रखने होंगे। इनमें छात्र का हालिया पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, पिछली कक्षा (2025-26) की स्कूल द्वारा हस्ताक्षरित एवं प्रमाणित अंकतालिका, और वर्तमान सत्र (2026-27) का एडमिशन प्रूफ (जैसे स्कूल आईडी कार्ड, फीस रसीद या बोनाफाइड सर्टिफिकेट) अनिवार्य हैं। इसके साथ ही माता-पिता के पेशे का प्रमाण (ड्राइविंग लाइसेंस, श्रमिक कार्ड या मैकेनिक शॉप डिक्लेरेशन), आय प्रमाण पत्र या स्व-घोषणा, छात्र के अपने बैंक खाते की पासबुक या कैंसिल्ड चेक तथा शैक्षणिक खर्चों (फीस, किताबों व यूनिफॉर्म) की वैध रसीदें अपलोड करनी होंगी। ध्यान रहे कि इस स्कॉलरशिप में आवेदन करने की निर्धारित अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 तय की गई है, इसलिए समय सीमा समाप्त होने से पहले आवेदन पूरा करना आवश्यक है।
मुस्कान स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन पूरी तरह से ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं। आवेदन करने के लिए छात्र आधिकारिक वेबसाइट (muskaan.synergieinsights.in) अथवा बडी4स्टडी (Buddy4Study) पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं। पोर्टल पर मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी से रजिस्ट्रेशन करने के बाद ‘Muskaan Scholarship Program 2.0 (2026-27)’ के लिंक पर क्लिक करें। आवेदन फॉर्म में छात्र का व्यक्तिगत विवरण, शैक्षणिक रिकॉर्ड, माता-पिता के कार्य की जानकारी और बैंक खाता संख्या ध्यानपूर्वक दर्ज करें। सभी मांगे गए दस्तावेज और खर्च की रसीदें स्पष्ट रूप से अपलोड करने के बाद फॉर्म को फाइनल सबमिट कर दें। इसके बाद प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी होगी और शॉर्टलिस्ट किए गए छात्रों का ऑनलाइन या टेलीफोनिक इंटरव्यू आयोजित कर अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
girls globe