मुलायम सिंह के छोटे बेटे प्रतीक यादव एक 38 की उम्र में हुआ निधन,100 किलो वजन घटाकर बने थे फिटनेस आइकन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति के सबसे बड़े कुनबे ‘सैफई परिवार’ से एक दुखद खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। महज 38 साल की उम्र में उनके अचानक चले जाने से राजनीतिक गलियारों और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई थीं सांसें

पुलिस सूत्रों और अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6:15 बजे परिवार के सदस्य प्रतीक को लेकर लखनऊ के सिविल अस्पताल पहुंचे थे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें ‘ब्रॉड डेड’ (मृत अवस्था में लाया गया) घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत सुबह 5:30 बजे के करीब बिगड़नी शुरू हुई थी। मौत की सटीक वजह जानने के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के डॉक्टरों का पैनल उनके शव का पोस्टमॉर्टम करेगा।

फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे थे प्रतीक

बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से लड़ रहे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके फेफड़ों में खून का थक्का (Blood Clot) जमने की समस्या थी, जिसके इलाज के लिए वे काफी समय तक मुंबई में भी रहे थे। अभी तीन दिन पहले ही उन्हें मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिली थी। बुधवार सुबह जब उन्होंने शरीर में कोई हलचल बंद कर दी, तब परिजन उन्हें लेकर अस्पताल भागे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

मोटापे को मात देकर बने थे ‘आयरन मैन’

प्रतीक यादव की पहचान केवल मुलायम सिंह के बेटे के रूप में नहीं, बल्कि एक फिटनेस गुरु के तौर पर भी थी। उन्होंने अपने जीवन में जो बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन किया, वह लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बना।

  • 100 किलो वजन घटाया: एक समय प्रतीक का वजन काफी अधिक था, लेकिन कड़ी मेहनत से उन्होंने 100 किलो से ज्यादा वजन घटाकर सबको चौंका दिया था।

  • इंटरनेशनल पहचान: सितंबर 2012 में उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग वेबसाइट पर ‘ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ द मंथ’ के रूप में फीचर किया गया था।

  • पिता की वो सलाह: प्रतीक अक्सर बताते थे कि उनके इस बदलाव के पीछे उनके पिता मुलायम सिंह यादव के साथ हुई एक बातचीत थी, जिसने उन्हें अपनी सेहत के प्रति गंभीर बनाया।

सियासत से दूर, जिम और रियल एस्टेट की दुनिया

बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक ने खुद को हमेशा सक्रिय राजनीति से दूर रखा। लखनऊ में उनका अपना एक बड़ा जिम है और वे ‘फिट इंडिया’ अभियान के शुरुआती सियासी आइकन भी माने जाते थे। महंगी गाड़ियों के शौकीन प्रतीक ने अपनी एक अलग पहचान रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस में बनाई थी। उनके निधन पर अखिलेश यादव समेत परिवार के तमाम सदस्यों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।