
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बलदेव थाना क्षेत्र के चौली गांव में तीन साल के मासूम बच्चे ‘माधव’ की मौत को पहले परिजन एक सामान्य स्वास्थ्य समस्या मान रहे थे। हालांकि, घटना के करीब एक महीने बाद इस मामले में ऐसा मोड़ आया, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने बच्चे की मां पर ही अपने जिगर के टुकड़े की गला दबाकर हत्या करने का मामला दर्ज किया है।
फोन पर बात में पड़ा खलल, तो मासूम पर ढहाया कहर
पुलिस जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, यह घटना 28 जून की है। उस दिन तीन साल का मासूम खेलते-खेलते अचानक रोने लगा। उस समय उसकी मां रुचि गुप्ता फोन पर किसी से बात कर रही थी। बच्चे के लगातार रोने के कारण फोन पर बातचीत में रुकावट आ रही थी, जिससे गुस्सा होकर महिला ने पहले तो बच्चे को डांटा और पीटा, फिर कथित तौर पर उसका गला दबा दिया। दम घुटने के कारण मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
पोलियो ड्रॉप्स को समझा मौत की वजह, कर दिया अंतिम संस्कार
घटना के बाद महिला ने अपने पति कृष्ण मुरारी गुप्ता, जो एक मेडिकल स्टोर चलाते हैं, को फोन करके बताया कि बच्चा काफी देर तक रोने के बाद शांत हो गया है और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है। परिजन उसे तुरंत मथुरा के निजी अस्पतालों में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चूंकि उसी दिन बच्चे को पोलियो की दवा भी पिलाई गई थी, इसलिए परिजनों को लगा कि शायद दवा के साइड इफेक्ट या किसी अन्य शारीरिक समस्या के कारण बच्चे की जान चली गई। किसी को भी मां पर शक नहीं हुआ और परिवार ने बिना किसी पुलिस शिकायत के बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।
पति के सामने कबूला जुर्म, कॉल रिकॉर्ड से सामने आया प्रेमी का एंगल
इस मामले का पर्दाफाश घटना के लगभग एक महीने बाद 27 जुलाई को हुआ। रुचि गुप्ता ने अपने पति के सामने यह बात स्वीकार की कि बच्चे की मौत गला घोंटने से हुई थी। इसके बाद पति ने उसे फोन पर अपने कथित प्रेमी से इस घटना के बारे में बात करते हुए भी सुना।
जब परिवार के लोगों ने महिला से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद बच्चे के चाचा गोविंद गुप्ता ने महिला के कॉल रिकॉर्ड्स की जांच की, जिससे पता चला कि वह लंबे समय से एक अज्ञात व्यक्ति से लगातार बातचीत कर रही थी।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए देवर गोविंद गुप्ता ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी और बलदेव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। बलदेव थाना प्रभारी अजय शर्मा के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
girls globe