IPL 2026: आज कटेगा किसका पत्ता? न्यू चंडीगढ़ की पिच पर बल्लेबाज मचाएंगे गदर या गेंदबाज ढहाएंगे कहर

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के प्लेऑफ का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है। आज यानी 27 मई को टूर्नामेंट का दूसरा सबसे बड़ा मुकाबला खेला जाना है। यह एक ‘करो या मरो’ यानी एलिमिनेटर मैच है, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मैच में हारने वाली टीम का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा, जबकि जीतने वाली टीम क्वालीफायर 2 में गुजरात टाइटन्स से लोहा लेगी। फाइनल का टिकट पाने के लिए दोनों ही टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद संवेदनशील और दिलचस्प होने वाला है। ऐसे में हर किसी की नजरें न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर टिकी हैं कि आज यहां किसका पलड़ा भारी रहेगा।

न्यू चंडीगढ़ के आंकड़े: टॉस जीतने वाले की चमकेगी किस्मत?

पिच के मिजाज को समझने के लिए इस मैदान के इतिहास पर नजर डालना बेहद जरूरी है। न्यू चंडीगढ़ के इस खूबसूरत मैदान पर अब तक आईपीएल के कुल 15 मुकाबले खेले जा चुके हैं और दिलचस्प बात यह है कि सभी मैचों के शत-प्रतिशत नतीजे निकले हैं। आंकड़ों के लिहाज से देखें तो पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 7 मैचों में बाजी मारी है, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली यानी रन चेज करने वाली टीमों को 8 मैचों में सफलता मिली है।

इस मैदान पर टॉस की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है। पिछले रिकॉर्ड्स बताते हैं कि यहां टॉस जीतने वाली टीमों ने 10 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि टॉस हारने वाली टीम के खाते में सिर्फ 5 जीत आई हैं। ऐसे में जो भी कप्तान आज टॉस जीतेगा, उसके लिए मैच की राह थोड़ी आसान जरूर हो सकती है।

रनों की होगी बरसात या दिखेगा गेंदबाजों का खौफ?

यदि आप एक हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद कर रहे हैं, तो यह मैदान आपको निराश नहीं करेगा। इस पिच पर पहली पारी का औसत स्कोर 181 रन है, जो साफ संकेत देता है कि यहां बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल परिस्थितियां होती हैं। हैरान करने वाली बात यह भी है कि इस मैदान पर दूसरी पारी का औसत स्कोर और भी बेहतर रहता है, जिससे यह साफ है कि यहां रन चेज करना काफी आसान हो जाता है।

चूंकि इस मैदान पर सभी मैच इम्पैक्ट प्लेयर नियम लागू होने के बाद ही खेले गए हैं, इसलिए इस औसत स्कोर को पूरी तरह से वास्तविक माना जा सकता है। गेंदबाजों के लिए यहां की राह थोड़ी कठिन दिखती है। इस मैदान पर गेंदबाजों का इकॉनमी रेट 9.31 का रहा है, और औसतन हर 27 रन खर्च करने के बाद ही गेंदबाजों को एक सफलता हाथ लगती है।

पेसर्स बनाम स्पिनर्स: किसे मिलेगी पिच से मदद?

इस पिच पर तेज गेंदबाजों का दबदबा साफ तौर पर देखा गया है। आंकड़ों के अनुसार, यहां गिरने वाले कुल विकेटों में से लगभग 65 फीसदी विकेट पेसर्स के खाते में जाते हैं। वहीं, स्पिन गेंदबाज भी पूरी तरह रेस से बाहर नहीं हैं, उन्हें यहां करीब 35 फीसदी विकेट मिलते हैं, जो यह दर्शाता है कि बीच के ओवरों में स्पिनर्स भी मैच का पासा पलट सकते हैं। हैदराबाद और राजस्थान दोनों ही टीमों के पास बेहतरीन पेस अटैक और सूझबूझ वाले स्पिनर्स मौजूद हैं।

धुरंधर बल्लेबाजों के बीच होगी असली जंग

गेंदबाजों के कड़े इम्तिहान के बीच असली मुकाबला दोनों टीमों के विस्फोटक बल्लेबाजों के बीच होने वाला है। दोनों ही खेमों में एक से बढ़कर एक मैच विनर खिलाड़ी शामिल हैं। आज के मैच में जहां एक तरफ सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा अपनी आतिशी बल्लेबाजी से गदर मचाने को तैयार होंगे, वहीं दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का जलवा देखने को मिल सकता है। मध्यक्रम में ईशान किशन और ध्रुव जुरेल के बीच रनों की श्रेष्ठता साबित करने का द्वंद दिखेगा, तो वहीं पारी की शुरुआत में ट्रैविस हेड और यशस्वी जायसवाल के रूप में दुनिया के दो सबसे खतरनाक ओपनर्स के बीच एक बेहद दिलचस्प और रोमांचक जंग देखने को मिलने वाली है।