IPL 2026: विराट कोहली ने RCB को तो बना दिया चैंपियन, लेकिन डेविड वॉर्नर का 10 साल पुराना यह ‘धांसू रिकॉर्ड’ तोड़ने से रह गए कोसों दूर!

खेल डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 19वें सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला जमकर गरजा है। कोहली ने इस सीजन में अपनी कड़क बल्लेबाजी के दम पर न सिर्फ रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई, बल्कि गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 42 गेंदों में नाबाद 75 रनों की जादुई पारी खेलकर आरसीबी को लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी भी जिता दी। फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने 37 वर्षीय दिग्गज किंग कोहली ने इस पूरे सीजन में कई कीर्तिमान ध्वस्त किए, लेकिन इसके बावजूद वह पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज डेविड वॉर्नर का एक ऐसा ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ने के आस-पास भी नहीं पहुंच सके, जिसे बने पूरे 10 साल हो चुके हैं।

डेविड वॉर्नर का वो ‘महा-रिकॉर्ड’ जो आज भी कोहली की पहुंच से है दूर

दरअसल, आईपीएल के इतिहास में एक ऐसा अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है, जो ‘आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली टीम के लिए किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने’ का है। विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के 16 मैचों में 56.25 के बेहतरीन औसत और 165.84 के ताबड़तोड़ स्ट्राइक रेट से कुल 675 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल रहे। इस बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भी वह वॉर्नर के रिकॉर्ड से 173 रन पीछे रह गए। डेविड वॉर्नर ने ठीक 10 साल पहले यानी आईपीएल 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को चैंपियन बनाते हुए 17 मैचों में 60.57 के औसत से 848 रन कूट डाले थे। उस साल वॉर्नर की कप्तानी में हैदराबाद ने फाइनल में आरसीबी को ही 8 रनों से हराकर खिताब जीता था।

देखें लिस्ट: आईपीएल खिताब जीतने वाले सीजन में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप बल्लेबाज

  • डेविड वॉर्नर (SRH): 848 रन (साल 2016)

  • विराट कोहली (RCB): 675 रन (साल 2026)

  • डेवोन कॉनवे (CSK): 672 रन (साल 2023)

  • रॉबिन उथप्पा (KKR): 660 रन (साल 2014)

  • विराट कोहली (RCB): 657 रन (साल 2025)

  • ऋतुराज गायकवाड़ (CSK): 635 रन (साल 2021)

  • फाफ डुप्लेसी (CSK): 633 रन (साल 2021)

  • अंबाती रायडू (CSK): 602 रन (साल 2018)

वैसे, अगर ओवरऑल आईपीएल के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड की बात करें, तो वह आज भी किंग कोहली के ही नाम सुरक्षित है। कोहली ने साल 2016 में ही 16 मुकाबलों में अविश्वसनीय बल्लेबाजी करते हुए 973 रन बनाए थे, हालांकि उस साल आरसीबी खिताब जीतने से चूक गई थी।

‘अकसर मन में आता था यह ख्याल…’ चैंपियन बनने के बाद भावुक हुए किंग कोहली

गुजरात टाइटंस ने इस खिताबी मुकाबले में आरसीबी को 156 रनों का टारगेट दिया था, जिसे बेंगलुरु की टीम ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। विराट कोहली ने अरशद खान की गेंद पर शानदार छक्का जड़कर आरसीबी को जीत दिलाई और इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद पुरस्कार समारोह में कोहली थोड़े भावुक दिखे। उन्होंने अपने दिल की बात शेयर करते हुए कहा, “यह बिल्कुल वही पल है जिसका सपना हर एक खिलाड़ी बचपन से देखता है। मैंने कई बार अपने दिमाग में इस क्षण की कल्पना की थी, खासकर टीम के लिए विजयी रन (Winning Run) बनाने की। जब मैं मैदान पर बल्लेबाजी के लिए उतर रहा था, तो मैं पूरी तरह शांत और सहज था। हमारी टीम का कॉम्बिनेशन इस बार ऐसा था जो हमें किसी भी मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकालने का पूरा भरोसा देता है।”