सोनू निगम के लाइव कॉन्सर्ट में अचानक स्टेज पर चढ़ा फैन, फिर जो हुआ दंग रह गई भीड़

बॉलीवुड के दिग्गज गायक सोनू निगम अपने सुरों के साथ-साथ अपने शालीन व्यवहार के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में कोल्हापुर में आयोजित उनके एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। जब सोनू अपने सुपरहिट गानों से समां बांध रहे थे, तभी सुरक्षा घेरा तोड़कर एक फैन अचानक स्टेज पर पहुंच गया। इस अप्रत्याशित घटना से एक पल के लिए वहां अफरा-तफरी मच गई और सोनू को अपना गाना बीच में ही रोकना पड़ा, लेकिन इसके बाद सिंगर ने जो किया उसने सोशल मीडिया पर सबका दिल जीत लिया है।

फैन ने छुए पैर, सोनू निगम के रिएक्शन ने जीती महफिल

स्टेज पर चढ़ते ही वह फैन सीधे सोनू निगम के पास पहुंचा और उनके पैर छूने लगा। अचानक हुई इस हरकत से सिंगर थोड़े चौंक जरूर गए, लेकिन उन्होंने आपा नहीं खोया। जहां आमतौर पर सेलिब्रिटी ऐसे मौकों पर गुस्सा हो जाते हैं, वहीं सोनू ने मुस्कुराते हुए बड़े प्यार से कहा- ‘वाह, शाबाश’। जब सिक्योरिटी टीम उस फैन को जबरन नीचे उतारने लगी, तो सोनू निगम ने दरियादिली दिखाते हुए उन्हें रोक दिया और फैन को अपने पास वापस बुला लिया।

फैन को मिला सोनू के साथ गाने का सुनहरा मौका

सोनू निगम ने न केवल उस लड़के को अपने पास खड़ा किया, बल्कि उसे माइक थमाकर गाने का मौका भी दे दिया। उस फैन ने सोनू के ही मशहूर गाने ‘चोरी किया रे जिया’ की एक लाइन गाकर सुनाई। फैन की आवाज और सोनू के इस अंदाज ने वहां मौजूद हजारों लोगों का दिल जीत लिया और पूरा माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। खुद सोनू निगम भी उस वक्त हंसते और हैरानी भरे अंदाज में रिएक्ट करते नजर आए।

सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दी चेतावनी

इस पूरी घटना का वीडियो खुद सोनू निगम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने मजेदार लेकिन नसीहत भरे अंदाज में लिखा, ‘क्यों पिटने वाले काम करते हो ऑडियंस? इस बार तो बचा लिया, हर बार नहीं बचा पाऊंगा।’ उनके इस पोस्ट पर फैंस लगातार कमेंट कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि सोनू निगम जैसे बड़े कलाकार ही इस तरह की स्थिति को इतने धैर्य और शालीनता से संभाल सकते हैं।

लाइव कॉन्सर्ट में सिक्योरिटी को लेकर छिड़ी बहस

भले ही यह मामला हंसी-मजाक और प्यार के साथ खत्म हो गया, लेकिन इस घटना ने लाइव शो में सेलिब्रिटी की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर लोग सोनू निगम के जमीन से जुड़े स्वभाव की तारीफ तो कर रहे हैं, साथ ही फैंस को यह हिदायत भी दे रहे हैं कि वे अपने पसंदीदा सितारों की निजता और सुरक्षा का सम्मान करें। फिलहाल, सोनू निगम का यह ‘मैजिकल मोमेंट’ इंटरनेट पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है।