गोपीनाथ मंदिर पहुंचे गृह सचिव शैलेश बगोली, रुद्रनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

चमोली भ्रमण के दौरान गृह सचिव शैलेश बगोली शनिवार को गोपीनाथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जनकल्याण की कामना की।

गोपीनाथ मंदिर पहुंचे गृह सचिव

जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान गृह सचिव शैलेश बगोली ने शनिवार को ऐतिहासिक गोपीनाथ मंदिर पहुंचे। गोपेश्वर पहुंचकर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की। गोपीनाथ मंदिर दर्शन के अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने गृह सचिव का स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

रुद्रनाथ मंदिर की प्रचलित यात्रा की व्यवस्थाओं की ली जानकारी

गृह सचिव ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से वार्ता की। वार्ता के दौरान उन्होंने पंचकेदार में से एक रुद्रनाथ की प्रचलित यात्रा की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए।

पर्यावरणविद् चंडी प्रसाद भट्ट से की मुलाकात

धार्मिक दर्शन के बाद, गृह सचिव शैलेश बगोली ने रेमन मैग्सेसे पुरस्कार, पद्म भूषण व गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित, भारत के महान पर्यावरणविद् और प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता चंडी प्रसाद भट्ट के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान विकास से जुड़े विभिन्न गंभीर और समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।