हातिम भाई ये किस लाइन में आ गए अनुपमा फेम राहिल आजम का ‘बेवड़ा’ अवतार वायरल

मुंबई: अगर आप 90 के दशक के बच्चे हैं, तो ‘हातिम’ (Hatim) नाम सुनते ही आपकी आंखों के सामने तलवार लिए एक जांबाज राजकुमार की तस्वीर आ जाती होगी। साल 2003-2004 का वह दौर जब बच्चों के बीच राहिल आजम (Rahil Azam) किसी सुपरहीरो से कम नहीं थे। वही राहिल आजम आज फिर चर्चा में हैं, लेकिन किसी नए शो की वजह से नहीं बल्कि अपनी एक ‘फनी रील’ की वजह से। एक्टर का ‘मिस्टर बेवड़ा’ वाला अंदाज इंटरनेट पर तहलका मचा रहा है।

इंस्टाग्राम पर राहिल का ‘बेवड़ा’ एक्ट हुआ सुपरहिट

टीवी के ‘हातिम’ यानी राहिल आजम इन दिनों पर्दे से दूर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की है, जिसे अब तक 6.5 मिलियन (65 लाख) से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इस वीडियो में राहिल एक नशेड़ी (बेवड़े) की एक्टिंग करते नजर आ रहे हैं। पार्क में गिरते-पड़ते और हाथ में ग्लास थामे राहिल ‘दारू पी रहा हूं, पिलाने वाली चाहिए’ गाने पर मजेदार एक्सप्रेशन दे रहे हैं। उन्होंने खुद इस रील को ‘मिस्टर बेवड़ा’ कैप्शन दिया है।

फैंस बोले- ‘हातिम भाई, ये क्या कर रहे हो?’

राहिल की इस कॉमेडी रील पर फैंस के कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। जहां कुछ लोग उनकी एक्टिंग की तारीफ कर रहे हैं, वहीं पुराने फैंस उन्हें ‘हातिम’ के दिनों की याद दिला रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “हातिम भाई, ये किस लाइन में आ गए आप?” वहीं एक अन्य फैन ने कमेंट किया, “इंस्टा का सबसे बिंदास बंदा, जो हमेशा खुश रहता है।” कई फैंस तो उन्हें ‘चाइल्डहुड क्रश’ बताते हुए आज भी उतना ही प्यार दे रहे हैं।

‘अनुपमा’ में पराग कोठारी बनकर लूटी थी वाहवाही

राहिल आजम को कुछ समय पहले स्टार प्लस के सुपरहिट शो ‘अनुपमा’ में देखा गया था। उन्होंने कोठारी परिवार वाले ट्रैक में ‘पराग कोठारी’ (प्रेम के पिता) का दमदार किरदार निभाया था। हालांकि, फिलहाल वह शो का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन खबरें हैं कि मेकर्स जल्द ही उनकी वापसी करा सकते हैं। फैंस उन्हें अनुपमा के सेट पर काफी मिस कर रहे हैं और लगातार कमेंट्स के जरिए उनकी वापसी की मांग कर रहे हैं।

याद है ‘हातिम’ का वो जादुई सफर?

2000 के दशक की शुरुआत में ‘हातिम’ टीवी का सबसे पॉपुलर फंतासी शो था। IMDb पर 8.6 की शानदार रेटिंग रखने वाले इस शो में यमन के राजकुमार की कहानी दिखाई गई थी। दुष्ट जादूगर ‘दज्जाल’ (निर्मल पांडे) को हराने के लिए हातिम को 7 कठिन पहेलियों के जवाब ढूंढने थे। इस शो में राहिल के साथ कीकू शारदा (होबो) की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था। खास बात यह है कि इस शो में शिल्पा शिंदे और काम्या पंजाबी जैसे सितारों ने भी छोटे रोल निभाए थे।