
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर में इस अभियान को जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। इस बार सरकार ने 5 करोड़ घरों तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान से जुड़ा जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में हर घर तिरंगा अभियान, स्वतंत्रता दिवस और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजनों की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों और संबंधित एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
हर घर तिरंगा अभियान को मिलेगा जनआंदोलन का स्वरूप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्षों में इस अभियान को जनसहभागिता के बल पर देशभर में एक नई पहचान दिलाई है। इस बार लक्ष्य को और बड़ा बनाते हुए 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने की योजना बनाई गई है। उन्होंने सरकारी विभागों, अर्धसरकारी संस्थानों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से अपने-अपने परिसरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि अभियान प्रदेश के हर गांव और शहर तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।
14 और 15 अगस्त को सिनेमाघरों में बजेगा राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना था कि ऐसे आयोजन नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत करेंगे।
पिछले वर्षों में लगातार बढ़ी तिरंगा अभियान की भागीदारी
समीक्षा बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश के 4.10 करोड़ से अधिक घरों, वर्ष 2023 और 2024 में 4.50 करोड़ से अधिक घरों तथा वर्ष 2025 में 4.76 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया गया था। इसी उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2026 में 5 करोड़ घरों तक अभियान पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
तिरंगे की उपलब्धता के लिए विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय ध्वजों के निर्माण, आपूर्ति और वितरण की व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थाओं, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
साथ ही राशन की उचित दर की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्रों, तहसीलों, विकास खंड कार्यालयों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, डाकघरों, पेट्रोल पंपों सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर आम नागरिकों के लिए तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा।
पूरे प्रदेश में होंगे तिरंगा थीम आधारित कार्यक्रम
सरकार की योजना के अनुसार प्रदेशभर में तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम आधारित रंगोली, सेल्फी विद तिरंगा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रकाश सज्जा जैसे आयोजन किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रमुख सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख बाजारों और चौराहों को तिरंगा थीम के अनुसार सजाया जाएगा। स्कूलों और कॉलेजों में स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां, चित्रकला प्रतियोगिताएं, वंदे मातरम् गायन और राष्ट्रभक्ति से जुड़े अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जुड़ सके।
9 से 15 अगस्त तक चलेंगे विशेष आयोजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि 9 से 15 अगस्त के बीच प्रदेशभर में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों और स्मृति स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
इन सभी स्थलों पर साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, प्रकाश व्यवस्था और आकर्षक सजावट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रमों में पुलिस बैंड की सहभागिता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि राष्ट्रभक्ति का माहौल और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
विशेष स्वच्छता अभियान भी चलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोहों से पहले पूरे प्रदेश में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों, तिरंगा रैलियों और सामूहिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाए।
girls globe