
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने रविवार को 14वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के मुनस्यारी स्थित टुकड़ी के अधिकारियों और जवानों के साथ संवाद किया। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, नागरिक सहयोग तथा राष्ट्र सेवा में आईटीबीपी के योगदान की सराहना करते हुए जवानों का उत्साहवर्धन किया।
ITBP के जांबाज जवानों से मिले राज्यपाल
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा, “यह मेरे लिए गर्व का विषय है कि मुझे मुनस्यारी आने और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के वीर जवानों, अधिकारियों और उनके परिवारों से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ। जिस उच्च मनोबल, समर्पण और अनुशासन के साथ आप सभी इस दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में देश की सीमाओं की सुरक्षा कर रहे हैं, वह वास्तव में प्रेरणादायी है।
राज्यपाल ने बढ़ाया जवानों का हौसला
राज्यपाल ने कहा आपका अटूट कर्तव्यबोध और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। विषम परिस्थितियों एवं कठिन मौसम के बावजूद आपकी मुस्तैदी और प्रतिबद्धता राष्ट्र के प्रति आपकी निष्ठा को दर्शाती है। पूरे देश को आप पर गर्व है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और यहां की गौरवशाली सैन्य परंपरा देश की अमूल्य धरोहर है।
राज्यपाल ने की जवानो के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना
राज्यपाल ने कहा कि सैनिक का जीवन केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सर्वोच्च संकल्प है। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों की सुरक्षा, विकास और समृद्धि हमारे जवानों की सतत सजगता और त्याग पर आधारित है। राज्यपाल ने ITBP की 14वीं वाहिनी द्वारा सीमा सुरक्षा, रेस्क्यू अभियानों, लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग, हिमाद्री अभियान और ‘वाइब्रेंट विलेज’ जैसी पहलों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों और जवानों को बधाई दी।
girls globe