GDN Trailer Out: ‘भारत के एडिसन’ बने आर. माधवन, जी.डी. नायडू की बायोपिक का दमदार ट्रेलर रिलीज

पैन इंडिया सुपरस्टार आर. माधवन एक बार फिर पर्दे पर इतिहास रचने के लिए तैयार हैं. उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जीडीएन’ (GDN) का शानदार ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है. इस फिल्म में माधवन भारत के मशहूर विजिनरी इनोवेटर और महान वैज्ञानिक जी.डी. नायडू की भूमिका निभा रहे हैं. ट्रेलर सामने आते ही सिनेमाप्रेमियों के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त एक्साइटमेंट देखा जा रहा है. यह फिल्म इसी साल 17 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है.

पूरी तरह किरदार में डूबे आर. माधवन

फिल्म के ट्रेलर में आर. माधवन बेहद दमदार, गंभीर और अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं. उन्होंने जी.डी. नायडू के किरदार को इतनी शिद्दत से पकड़ा है कि उनकी बॉडी लैंग्वेज और स्क्रीन प्रेजेंस देखकर फैंस हैरान हैं. लुक से लेकर डायलॉग डिलीवरी तक, माधवन की कड़ी मेहनत साफ झलक रही है. अपनी बेहतरीन एक्टिंग से उन्होंने इस ऐतिहासिक किरदार को जीवंत कर दिया है.

कौन थे ‘भारत के एडिसन’ जी.डी. नायडू?

यह फिल्म भारत के महानतम आविष्कारों में शुमार जी.डी. नायडू की जिंदगी से रूबरू कराती है, जिन्हें दुनिया ‘भारत का एडिसन’ भी कहती है. फिल्म सिर्फ उनके वैज्ञानिक आविष्कारों की कहानी नहीं समेटती, बल्कि उनके कड़े संघर्ष, दूरगामी सोच और जिंदगी के भावुक उतार-चढ़ाव को भी बड़े पर्दे पर पेश करेगी. ट्रेलर से साफ संकेत मिलते हैं कि इस बायोपिक में उनके जीवन के कई ऐसे अनसुने पहलुओं को दिखाया जाएगा, जिनसे दुनिया अब तक अनजान थी.

माधवन का एक और मास्टरक्लास अभिनय

आर. माधवन भारतीय सिनेमा के उन गिने-चुने वर्सेटाइल एक्टर्स में से हैं, जिन्होंने हर भाषा और हर जॉनर में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है. ‘रॉकेट्री’ के बाद एक बार फिर वह एक बेहद शांत, समझदार और दिमागी रूप से मजबूत वैज्ञानिक के सफर को जीने जा रहे हैं. 17 जुलाई को थिएटर्स में रिलीज हो रही ‘जीडीएन’ से उम्मीद है कि यह नई पीढ़ी को जी.डी. नायडू के महान योगदान और उनके अविश्वसनीय आविष्कारों से रूबरू कराएगी.