द फैमिली मैन के जेके की असल जिंदगी की भावुक दास्तां: 6 बार कैंसर पत्नी नसरीन की हिम्मत देख शारिब हाशमी की भर आईं आंखें

मुंबई: वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ में अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और वफादारी से दर्शकों का दिल जीतने वाले एक्टर शारिब हाशमी (जेके) असल जिंदगी में एक बहुत ही कठिन और प्रेरणादायी लड़ाई लड़ रहे हैं। उनकी पत्नी नसरीन पिछले कई सालों से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रही हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान इस जोड़े ने अपने संघर्ष की वह कहानी बया की, जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं।

2018 में पहली बार हुआ कैंसर का अहसास

शारिब और नसरीन ने बताया कि उनकी शादी काफी संघर्षों के बीच हुई थी। जब आर्थिक स्थिति और पारिवारिक हालात सुधरने लगे, तभी साल 2018 में नसरीन को ओरल कैंसर (मुंह का कैंसर) डायग्नोस हुआ। नसरीन ने वह पल याद किया जब बायोप्सी की रिपोर्ट आई थी। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट देखते ही शारिब फूट-फूटकर रोने लगे थे, लेकिन नसरीन ने ही उन्हें हिम्मत बंधाई कि सब ठीक हो जाएगा।

6 बार लौटा कैंसर, 5 सर्जरी झेल चुकी हैं नसरीन

शारिब हाशमी ने भावुक होते हुए बताया कि उनकी पत्नी का कैंसर काफी एग्रेसिव (Aggressive) प्रकृति का है। यही वजह है कि इलाज के बावजूद यह बार-बार वापस आ जाता है। अब तक नसरीन की 5 बार सर्जरी हो चुकी है और कैंसर 6वीं बार वापस लौट आया है। शारिब ने कहा, “इस बार यह काफी फैल गया है, लेकिन नसरीन जिस तरह से इससे लड़ रही हैं, वह हम सबके लिए हिम्मत का जरिया है। हमें पूरा विश्वास है कि इस बार भी ट्रीटमेंट सफल होगा।”

“फेस बदल गया, लेकिन जिंदा हूं यही काफी है”

कैंसर की सर्जरी और इलाज का असर नसरीन के चेहरे पर भी पड़ा है। उन्होंने अपना दर्द साझा करते हुए कहा, “कई बार मुझे बहुत बुरा लगता था। इतनी सर्जरी के बाद चेहरा बदल गया, दांतों में दिक्कत हुई। जब मैं अपनी पुरानी तस्वीरें देखती थी, तो लगता था कि मैं कितनी सुंदर थी। लेकिन फिर लगा कि सुंदरता मायने नहीं रखती, मैं अपने परिवार के साथ जिंदा हूं, यही सबसे बड़ी बात है।”

हर मुश्किल में साथ खड़े रहे शारिब

नसरीन ने शारिब की तारीफ करते हुए कहा कि चाहे शूटिंग का बिजी शेड्यूल हो या कोई भी मजबूरी, शारिब ने कभी उनका साथ नहीं छोड़ा। वे हमेशा समय निकालकर हॉस्पिटल पहुंचते हैं। शारिब का मानना है कि उनके बीच का प्यार ही उन्हें हर मुश्किल से लड़ने की ताकत देता है। सोशल मीडिया पर फैंस इस कपल की हिम्मत को सलाम कर रहे हैं और नसरीन के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं