कल ‘मेधावी छात्र सम्मान’ समारोह में मेधावियों को सम्मानित करेंगे उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य अमर उजाला मीडिया समूह द्वारा आयोजित “मेधावी छात्र सम्मान” समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। इस भव्य कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री जी उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड), सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेंगे और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अपना मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

उपमुख्यमंत्री के सूचना अधिकारी रतन सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, वरिष्ठ अधिकारी और प्रबुद्ध जन भी उपस्थित रहेंगे। उपमुख्यमंत्री जी ने इस आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि राज्य सरकार मेधावी छात्रों को हर संभव सहायता और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस सम्मान समारोह में प्रदेश स्तर और जिला स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उपमुख्यमंत्री जी के कर-कमलों द्वारा मेडल, प्रशस्ति पत्र और विशेष उपहार भेंट कर प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यक्रम में मेधावियों के अभिभावकों और उनके शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिनके मार्गदर्शन में छात्रों ने यह मुकाम हासिल किया है।