Census-2027: गोरखपुर में डिजिटल स्व-गणना का शंखनाद सांसद, विधायकों और ने खुद दर्ज की अपनी जानकारी

गोरखपुर। देश की आगामी जनगणना-2027 को डिजिटल रूप देने के लिए गुरुवार को जनपद में ‘राजस्व एवं प्रशासन दिवस’ के रूप में एक विशेष अभियान की शुरुआत हुई। इस पहल के तहत जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं अपनी डिजिटल गणना (Self-Enumeration) कर जनता के सामने एक उदाहरण पेश किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य तकनीक के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया को सरल, सटीक और पारदर्शी बनाना है।

दिग्गजों ने की स्व-गणना, सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें

अभियान के पहले दिन गोरखपुर के कलेक्ट्रेट और विकास भवन में भारी उत्साह देखा गया। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन शुक्ला और महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव समेत जिले के तमाम विधायकों ने ‘स्व-गणना ऐप’ के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज किया। इन दिग्गजों ने डिजिटल रसीद के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर आम जनता से भी इस राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।

7 मई से 21 मई तक चलेगा विशेष अभियान

जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, डिजिटल स्व-गणना की प्रक्रिया 7 मई से शुरू होकर 21 मई तक चलेगी। मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा और नगर आयुक्त अजय जैन ने वीडियो संदेश के माध्यम से बताया कि यह पहला अवसर है जब नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का विकल्प दिया जा रहा है। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आंकड़ों की शुद्धता भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

कैसे करें डिजिटल स्व-गणना? स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया

प्रशासन ने आमजन के लिए स्व-गणना की प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया है:

  1. लॉगिन: सबसे पहले जनगणना निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाएं।

  2. वेरिफिकेशन: अपने मोबाइल नंबर और प्राप्त ओटीपी (OTP) के माध्यम से पोर्टल पर लॉगिन करें।

  3. विवरण भरें: पोर्टल पर अपने मकान का चिन्हांकन करें और निर्धारित 33 प्रश्नों के उत्तर सावधानीपूर्वक भरें।

  4. SE ID प्राप्त करें: प्रक्रिया पूरी होने पर आपको 11 अंकों की एक ‘एसई आईडी’ (SE ID) प्राप्त होगी। इसे संभाल कर रखना अनिवार्य है।

प्रगणक को दिखानी होगी 11 अंकों की आईडी

नगर आयुक्त अजय जैन ने स्पष्ट किया कि डिजिटल स्व-गणना का मतलब यह नहीं है कि प्रगणक (Enumerator) घर नहीं आएंगे। 22 मई से 20 जून के बीच जब प्रगणक आपके घर पहुंचेंगे, तब उन्हें आपको यह 11 अंकों की एसई आईडी उपलब्ध करानी होगी। प्रगणक द्वारा इस आईडी के ऑनलाइन सत्यापन के बाद ही आपकी जनगणना की प्रक्रिया को पूर्ण माना जाएगा।

प्रशासन ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी स्व-गणना पूरी कर लें ताकि देश के विकास की योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े जुटाए जा सकें।