BJP विधायकों ने किया सांसद अनिल बलूनी की बैठक का बहिष्कार, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

चमोली के गोपेश्वर में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की अध्यक्ष में हुई ‘दिशा’ समिति की बैठक उस वक्त चर्चाओं में आ गई, जब बैठक में कांग्रेस के विधायक तो पहुंचे, लेकिन भाजपा के विधायकों ने बहिष्कार कर दिया। भाजपा विधायकों के इस कदम ने एक बात तो साफ कर दी है कि पार्टी में अभी भी सब कुछ ऑल इस वेल नहीं चल रहा है।

BJP विधायकों ने किया सांसद अनिल बलूनी की बैठक का बहिष्कार

हाल ही में गोपेश्वर में हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक ने उस समय सुर्खियां बटोरी, जब इस बैठक में कांग्रेस विधायक तो दिखाई दिए, लेकिन भाजपा के विधायकों दूर-दूर तक नजर नहीं आए। बताया जा रहा है कि भाजपा विधायकों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया था।

इंतजार करते रहे विधायक, नहीं पहुंचे सांसद

सांसद अनिल बलूनी की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान विकास योजनाओं के कई प्रस्ताव पारित किए गए, लेकिन बैठक में मौजूद भाजपा विधायक अनिल नौटियाल और भूपाल राम टम्टा तब नाराज़ हो गए, जब सांसद उनसे मिलने सरकारी गेस्ट हाउस नहीं गए, बल्कि मंदिर से सीधे कलेक्ट्रेट परिसर चले गए। ऐसा तब हुआ, जब सांसद ने खुद विधायकों से गेस्ट हाउस में इंतज़ार करने को कहा था और उनके साथ चलने कि बात कही थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

भाजपा विधायकों का पारा तब ज्यादा हाई हो गया जब सांसद के करीबी युवा भाजपा नेता बिपिन कैंथोला उन्हें प्रोटोकॉल समझाने लगे। विधायकों ने सांसद के करीबी सहयोगी को फटकार लगाई, साथ ही साफ़ संदेश दे दिया कि दिल्ली-वाली राजनीति यहां नहीं चलेगी। इस घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक यह भी कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि वे सुबह 10 बजे से ही सांसद का इंतजार कर रहे हैं।

सामने आई अनिल बलूनी की प्रतिक्रिया

विधायकों की नाराजगी पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने अपनी प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया। पत्रकारों ने जब सांसद अनिल बलूनी से इसे लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि ये विषय बड़ा नहीं है, यानी के उनके मुताबिक यह बहुत छोटी बात है। इतना ही नहीं सांसद के इस जवाब से विधायक भी संतुष्ट नजर नहीं आए।