
बिहार की सियासत में एक बार फिर उबाल आ गया है। नेता प्रतिपक्ष और राजद (RJD) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर बैक-टू-बैक दो पोस्ट साझा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी पर सीधा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी के पुराने बयानों की याद दिलाते हुए उन्हें घेरा, वहीं बिहार के शिक्षा मंत्री के एक कथित बयान को लेकर उनकी सोच पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पीएम मोदी के ‘मंगलसूत्र’ और ‘सोने’ वाले बयान पर कटाक्ष
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए उनके 2024 और 2026 के बयानों की तुलना की। तेजस्वी ने लिखा, “2024 के लोकसभा चुनाव के समय प्रधानमंत्री जी कहते थे कि विपक्षी आपका मंगलसूत्र छीन लेंगे, और अब 2026 में कह रहे हैं कि आप सोना खरीदना बंद करो।” तेजस्वी ने आगे तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के सच और झूठ का हिसाब वक्त कर रहा है। उन्होंने सवाल पूछा कि आखिर प्रधानमंत्री देशवासियों को कितने दिनों तक गुमराह करते रहेंगे।
शिक्षा मंत्री के बयान पर बवाल: ‘लड़कियों को शिक्षा की जरूरत क्या?’
एक अन्य पोस्ट में तेजस्वी यादव ने बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो के जरिए तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में शिक्षा मंत्री कह रहे हैं कि लड़कियों को शिक्षा की क्या जरूरत है। तेजस्वी ने लिखा, “बिहार के झाड़-फूंक वाले शिक्षा मंत्री कह रहे हैं कि लड़कियों को स्कूल जाने की बजाय घर में रहना चाहिए। एक तरफ मोदी जी ‘नारी शक्ति वंदन’ की बात करते हैं और दूसरी तरफ उनके मंत्री की ऐसी घृणित सोच है।” तेजस्वी ने मंत्री के इस नजरिए को महिला विरोधी और शिक्षा विरोधी करार दिया।
बिहार में कानून व्यवस्था और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का मुद्दा
तेजस्वी यादव केवल सोशल मीडिया तक ही सीमित नहीं रहे, उन्होंने बिहार की राजग (NDA) सरकार को अपराध और पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर भी घेरा। उन्होंने मुजफ्फरपुर के एक भाजपा विधायक का वीडियो हवाला देते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के विधायक घर में घुसकर मारपीट कर रहे हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। वहीं दूसरी ओर, पटना में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे TRE-4 के शिक्षक अभ्यर्थियों और महिलाओं पर पुलिस बेरहमी से लाठीचार्ज करती है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधी बेखौफ हैं और हक मांगने वाले छात्रों को जेल भेजा जा रहा है।
girls globe