पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बिहार कैबिनेट की अहम बैठक में राज्य के विकास और कर्मचारियों के हित में कई क्रांतिकारी फैसले लिए गए हैं। लगभग 40 मिनट तक चली इस बैठक में कुल 19 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री और कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे।
सरकारी कर्मचारियों को डीए का तोहफा
सम्राट सरकार ने राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का बड़ा तोहफा दिया है। यह वृद्धि 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
-
7वां वेतनमान: डीए 58% से बढ़ाकर 60% कर दिया गया है।
-
6ठा वेतनमान: भत्ता 257% से बढ़ाकर 262% हुआ।
-
5वां वेतनमान: भत्ता 474% से बढ़ाकर 483% कर दिया गया है।
बाजार से 72 हजार करोड़ का ऋण लेगी सरकार
वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए कैबिनेट ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बाजार ऋण सहित कुल 72,901.39 करोड़ रुपये की ऋण उगाही को स्वीकृति दी है। इसके अलावा, पुलिस प्रशासन को मजबूत करने के लिए पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, मधुबनी, वैशाली और सिवान में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के 5 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है।
EV नीति में बदलाव: महिलाओं को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन
पर्यावरण संरक्षण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री बिहार पर्यावरण अनुकूल परिवहन रोजगार योजना’ को मंजूरी दी गई है।
-
लक्ष्य: 2030 तक कुल वाहनों की बिक्री में 30% हिस्सेदारी इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की सुनिश्चित करना।
-
प्रोत्साहन: महिलाओं के लिए दोपहिया और चारपहिया (गैर-वाणिज्यिक) वाहनों की खरीद पर विशेष प्रोत्साहन राशि सीधे खाते में (DBT) भेजी जाएगी।
-
चार्जिंग स्टेशन: चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के लिए प्रोत्साहन राशि की दरों में बढ़ोतरी की गई है।
बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन
बिहार को तकनीक के क्षेत्र में वैश्विक पटल पर लाने के लिए सरकार ने सिंगापुर की संस्था ‘ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क’ के साथ हाथ मिलाया है।
-
प्रशिक्षण: अगले 5 वर्षों में 7,000 छात्रों को एआई और मशीन लर्निंग में प्रशिक्षित किया जाएगा।
-
आर्यभट्ट टेक्नोलॉजी ऑब्जर्वेटरी: स्टार्टअप्स और शोधकर्ताओं के लिए एक डिजिटल मंच तैयार होगा, जिससे 100 से अधिक स्टार्टअप्स को तकनीकी लाभ मिलेगा।
-
ग्लोबल पहचान: बिहार को सिंगापुर फिनटेक फेस्टिवल और ज्यूरिख के प्वाइंट जीरो फोरम जैसे 12 अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रमोट किया जाएगा।
औद्योगिक विकास और शिक्षा
-
NIFTEM: वैशाली जिले में 100 एकड़ जमीन पर ‘राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान’ की स्थापना के लिए भूमि अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है।
-
डेयरी प्लांट: पटना के बिहटा में नए डेयरी प्लांट की स्थापना को भी हरी झंडी मिल गई है।
girls globe
