श्रीदेवी की चेन्नई प्रॉपर्टी पर बोनी कपूर और बेटियों की बड़ी जीत, मद्रास हाई कोर्ट ने खारिज किया सिविल सूट

चेन्नई: दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी के परिवार के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मद्रास हाई कोर्ट ने श्रीदेवी की चेन्नई स्थित कीमती संपत्ति को लेकर चल रहे कानूनी विवाद में बोनी कपूर, जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर के पक्ष में फैसला सुनाया है। अदालत ने उस सिविल सूट को पूरी तरह से खारिज कर दिया है, जिसमें याचिकाकर्ताओं ने इस जमीन पर अपना अधिकार होने का दावा किया था। 1988 में श्रीदेवी के नाम पर खरीदी गई यह प्रॉपर्टी लंबे समय से कानूनी दांव-पेंच में फंसी हुई थी।

मद्रास हाई कोर्ट ने पलटा निचली अदालत का फैसला

‘बार एंड बेंच’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस टी.वी. थमिलसेल्वी ने बोनी कपूर और उनकी बेटियों द्वारा दायर सिविल रिवीजन याचिका को स्वीकार कर लिया है। इससे पहले चेंगलपट्टू कोर्ट ने एमसी शिवकामी, एमसी नटराजन और चंद्रभानु द्वारा दायर याचिका को खारिज करने से इनकार कर दिया था। हाई कोर्ट ने निचली अदालत के उस आदेश को रद्द करते हुए साफ कर दिया कि इस संपत्ति पर बोनी कपूर और उनकी बेटियों का ही कानूनी अधिकार है।

2.70 एकड़ जमीन और 1943 का वो दावा

यह पूरा विवाद चेन्नई के शोलिंगनल्लूर में स्थित 2.70 एकड़ के एक बड़े लैंड पार्सल से जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं ने दावा किया था कि वे दिवंगत एमसी चंद्रशेखरन के कानूनी वारिस हैं और यह जमीन मूल रूप से एमसी संबंदा मुदलियार की थी, जिन्होंने इसे 1943 में खरीदा था। उनका आरोप था कि उन्हें इस ‘धोखाधड़ी’ के बारे में साल 2023 में तब पता चला, जब प्रशासन ने बोनी कपूर और उनकी बेटियों के नाम पर ‘पट्टा’ जारी किया। हालांकि, कोर्ट ने इन दावों में पर्याप्त दम नहीं पाया।

श्रीदेवी: ‘चांदनी’ की विरासत और परिवार

बॉलीवुड की पहली महिला सुपरस्टार मानी जाने वाली श्रीदेवी ने न केवल हिंदी, बल्कि तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ सिनेमा में भी अपनी अमिट छाप छोड़ी है। ‘मिस्टर इंडिया’, ‘चांदनी’, ‘सदमा’ और ‘इंग्लिश विंग्लिश’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया। उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री और नेशनल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था। साल 2018 में दुबई के एक होटल में उनके आकस्मिक निधन ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया था।

करियर की राह पर जाह्नवी और खुशी कपूर

श्रीदेवी की विरासत को अब उनकी बेटियां आगे बढ़ा रही हैं। जाह्नवी कपूर ने ‘धड़क’ से डेब्यू करने के बाद बॉलीवुड में अपनी एक अलग पहचान बना ली है और वह कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं। वहीं, उनकी छोटी बहन खुशी कपूर ने भी फिल्म ‘द आर्चीज’ से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की है और धीरे-धीरे इंडस्ट्री में पैर जमा रही हैं। इस अदालती जीत के बाद कपूर परिवार ने राहत की सांस ली है, क्योंकि यह संपत्ति उनकी मां की यादों से जुड़ी हुई है।