LPG सिलेंडर की डिलीवरी और बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव अब 25-45 दिनों का लॉक-इन पीरियड और OTP अनिवार्य

घरेलू रसोई गैस (LPG) के उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। इंडियन ऑयल (Indane), भारत पेट्रोलियम (Bharat Gas) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP Gas) ने गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी के नियमों में कई बड़े बदलाव किए हैं। वैश्विक ऊर्जा संकट और कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने बुकिंग के बीच के समय (Interval) को बढ़ा दिया है। अब आप अपनी मर्जी से जब चाहें सिलेंडर बुक नहीं कर पाएंगे।

बुकिंग के बीच अब 25 से 45 दिनों का गैप अनिवार्य

सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के लिए ‘लॉक-इन पीरियड’ लागू कर दिया है। नए नियमों के मुताबिक:

  • शहरी क्षेत्र (Urban Areas): अब उपभोक्ता पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों बाद ही अगला रिफिल बुक कर सकेंगे। पहले यह सीमा 21 दिनों की थी।

  • ग्रामीण क्षेत्र (Rural Areas): गांवों में रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए यह अंतराल बढ़ाकर 45 दिन कर दिया गया है।

  • उज्ज्वला लाभार्थी (PMUY): उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले उपभोक्ताओं को भी अब 45 दिनों का इंतजार करना होगा। अगर आप इस समय सीमा से पहले सिलेंडर बुक करने की कोशिश करेंगे, तो सिस्टम आपकी रिक्वेस्ट को ऑटोमैटिक रिजेक्ट कर देगा।

OTP के बिना नहीं मिलेगा सिलेंडर: DAC सिस्टम हुआ अनिवार्य

डिलीवरी में पारदर्शिता लाने के लिए ‘डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड’ (DAC) को अब पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है।

  1. जब आप सिलेंडर बुक करेंगे, तो आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP (6-डिजिट का कोड) आएगा।

  2. सिलेंडर की डिलीवरी के समय आपको यह कोड डिलीवरी एजेंट को दिखाना होगा।

  3. एजेंट द्वारा सिस्टम में कोड डालने के बाद ही डिलीवरी की प्रक्रिया पूरी होगी।

  4. बिना OTP के अब सिलेंडर की हैंडओवर नहीं की जाएगी। यदि आपका मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, तो तुरंत अपने गैस वितरक (Distributor) के पास जाकर इसे अपडेट करवाएं।

क्यों लिए गए ये कड़े फैसले?

सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया (ईरान-इजरायल-अमेरिका) में चल रहे युद्ध और ऊर्जा संकट की वजह से कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसके अलावा, घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी को रोकने के लिए सरकार ने ये कदम उठाए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि सीमित संसाधनों का सही वितरण हो और जरूरतमंद परिवारों को बिना किसी परेशानी के गैस मिलती रहे।

घर बैठे ऐसे करें बुकिंग और e-KYC

तेल कंपनियों ने डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए कई आसान विकल्प दिए हैं:

  • Indane: मिस्ड कॉल नंबर 8454955555 या व्हाट्सएप (7588888824) पर ‘REFILL’ लिखकर भेजें।

  • HP Gas: व्हाट्सएप नंबर 9222201122 पर ‘Hi’ भेजें या 8888823456 पर कॉल करें।

  • Bharat Gas: व्हाट्सएप नंबर 1800224344 का उपयोग करें या 7715012345 पर कॉल करें। साथ ही, सभी उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी Aadhaar e-KYC पूरी कर लें ताकि सब्सिडी और डिलीवरी में कोई रुकावट न आए।