बजाज ऑटो का बड़ा धमाका: ₹12,000 की रिकॉर्ड कीमत पर शेयर बायबैक का ऐलान, निवेशकों को मिलेगा ₹150 का डिविडेंड

Bajaj Auto Share Buyback 2026: देश की दिग्गज टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर निर्माता कंपनी बजाज ऑटो (Bajaj Auto Ltd) ने अपने शेयरधारकों की चांदी कर दी है। कंपनी ने मार्च तिमाही के शानदार नतीजों के साथ ही भारी-भरकम शेयर बायबैक और डिविडेंड की घोषणा की है। बजाज ऑटो अपने शेयरधारकों से ₹12,000 प्रति शेयर की फिक्स्ड कीमत पर शेयर वापस खरीदेगी, जो कि इसके मौजूदा बाजार भाव से काफी ज्यादा है।

₹5,633 करोड़ के शेयर वापस खरीदेगी कंपनी

बजाज ऑटो के बोर्ड ने कुल 46.94 लाख इक्विटी शेयरों के बायबैक को मंजूरी दी है। यह संख्या कंपनी के कुल इक्विटी शेयरों का 1.68% है। इस बायबैक के लिए कंपनी कुल ₹5,633 करोड़ का बजट खर्च करने जा रही है।

  • बायबैक प्राइस: ₹12,000 प्रति शेयर

  • शेयरों की संख्या: 46.94 लाख

  • फेस वैल्यू: ₹10 प्रति शेयर

    इससे पहले साल 2024 में भी कंपनी ने ₹10,000 की कीमत पर बायबैक किया था, जो उस वक्त कंपनी की कुल इक्विटी का 1.41% था।

₹150 प्रति शेयर डिविडेंड की सौगात

बायबैक के साथ ही कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ₹150 प्रति शेयर का तगड़ा डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है।

  • रिकॉर्ड डेट: 29 मई 2026

  • पेमेंट की तारीख: 24 जुलाई 2026 या उसके आसपास

    जिन निवेशकों के पास 29 मई तक कंपनी के शेयर होंगे, वे इस डिविडेंड के हकदार होंगे। 21 जुलाई को एजीएम (AGM) में इस पर अंतिम मुहर लगेगी।

मार्च तिमाही के नतीजों ने चौंकाया: मुनाफा 94% बढ़ा

बजाज ऑटो के वित्तीय नतीजे उम्मीदों से काफी बेहतर रहे हैं। जनवरी-मार्च 2026 की तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 93.81% बढ़कर ₹3,492.21 करोड़ पर पहुंच गया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह ₹1,801.85 करोड़ था।

  • कुल रेवेन्यू: ₹17,832.46 करोड़ (41% की बढ़ोतरी)

  • मार्केट कैप: ₹2.88 लाख करोड़ से ज्यादा

कौन बेच सकता है अपने शेयर?

बायबैक में हिस्सा लेने के लिए फिलहाल कंपनी ने रिकॉर्ड डेट का ऐलान नहीं किया है। रिकॉर्ड डेट घोषित होने के बाद, उस तारीख तक जिन शेयरधारकों के पास बजाज ऑटो के शेयर डीमैट खाते में होंगे, वे अपने शेयर ₹12,000 की प्रीमियम कीमत पर कंपनी को वापस बेच सकेंगे। वर्तमान में कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 55% है और लगभग 3 लाख खुदरा निवेशक इसमें निवेशित हैं।