देहरादून: हरबंशवाला टी एस्टेट की जमीन पर कब्जे का प्रयास, सुरक्षाकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटा

राजधानी देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरबंशवाला टी एस्टेट में जमीन कब्जाने और अवैध निर्माण को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। टी एस्टेट की भूमि पर सुअर पालन के लिए अवैध बाड़ा बनाने का विरोध करने पर दबंगों ने सुरक्षाकर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो गार्ड गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने टी एस्टेट प्रबंधक की शिकायत पर आरोपी दंपती समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अवैध बाड़ा बनाने का विरोध करने पर भड़के आरोपी

जानकारी के अनुसार, टी एस्टेट आरकेडिया और हरबंशवाला के प्रबंधक नीरज शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि यह घटना बीते 20 अप्रैल की शाम को हुई। उस समय सिक्योरिटी सुपरवाइजर शिवा राठी और गार्ड अमन अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे। गश्त के दौरान उन्होंने देखा कि आवासीय क्षेत्र में मनोज, उसकी पत्नी और दो अन्य अज्ञात व्यक्ति टी एस्टेट की संरक्षित भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर सुअर पालन के लिए बाड़ा तैयार कर रहे हैं।

लाठी-डंडों से हमला और मोबाइल भी तोड़ा

जैसे ही सुरक्षाकर्मियों ने अवैध निर्माण को रोकने का प्रयास किया और आरोपियों को टोकना चाहा, वे उग्र हो गए। आरोपियों ने सुरक्षाकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में शिवा राठी और अमन को काफी चोटें आई हैं। दबंगों की गुंडागर्दी यहीं नहीं रुकी, उन्होंने साक्ष्य मिटाने या सूचना देने से रोकने के लिए गार्डों का मोबाइल फोन भी छीनकर तोड़ दिया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

बसंत विहार थाना पुलिस ने सोमवार को इस मामले में टी एस्टेट प्रबंधक की तहरीर पर मनोज, उसकी पत्नी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष (SO) शैंकी कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ निगरानी भी बढ़ा दी गई है

.