पुणे के बारामती में फिर विमान हादसा: उसी गांव में क्रैश हुआ ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट,जहां गई थी अजित पवार की जान

पुणे/बारामती: महाराष्ट्र के पुणे जिले का बारामती क्षेत्र एक बार फिर विमान हादसे की गूंज से दहल उठा है। बुधवार सुबह बारामती के गोजुबावी गांव में एक दो-सीटर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में पायलट सुरक्षित है, लेकिन इस हादसे ने उन जख्मों को फिर से हरा कर दिया है जो इसी साल जनवरी में पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत से लगे थे।

तकनीकी खराबी के बाद बंद हुआ इंजन, रिहायशी इलाके से दूर ले गया पायलट

जानकारी के मुताबिक, ट्रेनिंग पर तैनात पायलट ने सुबह करीब 8:40 बजे विमान में तकनीकी खराबी महसूस की। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को आबादी वाले इलाके से दूर ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान विमान का इंजन पूरी तरह बंद हो गया और वह गोजुबावी गांव के पास खेतों में जा गिरा। विमान के गिरते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पायलट विमान से सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा।

अजित पवार की मौत का ‘खतरनाक’ संयोग

यह हादसा ठीक उसी स्थान के करीब हुआ है, जहां 28 जनवरी 2026 को महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता अजित पवार का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस समय वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित बॉम्बार्डियर लेयरजेट 45 विमान मुंबई से बारामती आते समय क्रैश हो गया था, जिसमें अजित पवार समेत चार लोगों की जान चली गई थी। एक ही गांव में दो विमान हादसों ने स्थानीय लोगों के बीच डर और आश्चर्य का माहौल पैदा कर दिया है।

चाचा की मौत को रोहित पवार ने बताया ‘बड़ी साजिश’

अजित पवार विमान हादसे की जांच अब एक नया मोड़ ले चुकी है। उनके भतीजे और विधायक रोहित पवार की शिकायत पर हाल ही में बेंगलुरु में एक ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की गई है। रोहित पवार का गंभीर आरोप है कि उनके चाचा की मौत कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि एक गहरी आपराधिक साजिश थी।

रोहित पवार ने दावा किया कि उन्होंने पहले भी मुंबई और बारामती पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि विमान के संचालन में सुरक्षा नियमों का जानबूझकर उल्लंघन किया गया था। इस एफआईआर के बाद अब जांच एजेंसियां नए सिरे से कड़ियों को जोड़ने में जुट गई हैं।

प्रशासनिक जांच शुरू

आज हुए ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट हादसे के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह केवल एक तकनीकी खराबी थी या बारामती हवाई अड्डे के आसपास के फ्लाइंग जोन में कुछ अन्य बुनियादी समस्याएं हैं।