बॉलीवुड के सिंघम अजय देवगन का भोजपुरी सिनेमा में धमाका, इस सुपरहिट फिल्म में निभाया था धमाकेदार रोल

बॉलीवुड के सुपरस्टार अजय देवगन अपनी दमदार एक्टिंग, इंटेंस आंखों और जबरदस्त एक्शन के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में रोमांटिक, एक्शन और कॉमेडी जैसी कई जॉनर की फिल्मों में काम करके खुद को साबित किया है। अजय ने बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि अजय देवगन ने केवल हिंदी सिनेमा ही नहीं, बल्कि भोजपुरी इंडस्ट्री में भी अपनी अदाकारी का जादू बिखेरा है? अगर आप इस बात से अनजान हैं, तो आज हम आपको अजय की उस सुपरहिट भोजपुरी फिल्म के बारे में बताएंगे, जिसने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था।

साल 2006 में भोजपुरी सिनेमा में अजय की एंट्री

अजय देवगन ने साल 2006 में आई भोजपुरी फिल्म ‘धरती कहे पुकार के’ में अपने अभिनय का दम दिखाया था। इस फिल्म में अजय देवगन के साथ भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार मनोज तिवारी नजर आए थे। फिल्म में बॉलीवुड एक्ट्रेस शरबानी मुखर्जी भी मुख्य भूमिका में थीं, जिन्हें दर्शक पहले ही सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ में सुनील शेट्टी के अपोजिट देख चुके थे। असलम शेख द्वारा निर्देशित यह फिल्म अजय देवगन की मौजूदगी के कारण चर्चा में रही और बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी सुपरहिट साबित हुई।

क्या था फिल्म में अजय देवगन का रोल?

‘धरती कहे पुकार के’ में अजय देवगन ने पुलिस अफसर यानी एसपी कुणाल सिंह का किरदार निभाया था। कहानी तब दिलचस्प मोड़ लेती है जब विलेन वीर मोंगिया गांव वालों पर जुल्म ढाना शुरू कर देता है। गांव के लोग उससे परेशान हो जाते हैं। फिल्म में मनोज तिवारी और अजय देवगन की जोड़ी ने विलेन के खिलाफ मोर्चा खोला। फिल्म का वह एक्शन सीन दर्शकों को आज भी याद है, जिसमें गुंडों से घिरे मनोज तिवारी को बचाने के लिए अजय देवगन की जबरदस्त एंट्री होती है। अजय ने न केवल मनोज की जान बचाई, बल्कि गुंडों को धूल चटाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

यूट्यूब पर फिल्म ने बनाया व्यूज का रिकॉर्ड

हिट फिल्म ‘धरती कहे पुकार के’ के डिजिटल राइट्स टी-सीरीज के ‘हमार भोजपुरी’ चैनल के पास हैं, जहां आप इसे देख सकते हैं। फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे अब तक यूट्यूब पर 1 करोड़ 83 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है। फिल्म में भोजपुरी की ‘आइटम क्वीन’ कही जाने वाली संभावना सेठ के डांस नंबर ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इस फिल्म के गाने मनोज तिवारी, उदित नारायण, अनुराधा पौडवाल, कैलाश खेर और सोनू कक्कड़ जैसे दिग्गज गायकों ने सजाए थे, जिनका संगीत धनंजय मिश्रा ने तैयार किया था।

सुपरहिट रही यह फिल्म, जानिए बजट और कमाई

अजय देवगन की स्पेशल अपीरियंस वाली इस फिल्म का बजट लगभग 2 करोड़ रुपये था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धरती कहे पुकार के’ ने बॉक्स ऑफिस पर 6.85 करोड़ से 7 करोड़ रुपये के बीच की शानदार कमाई की थी। यह फिल्म न केवल दर्शकों को पसंद आई, बल्कि आर्थिक रूप से भी सुपरहिट साबित हुई। आज भी दर्शक इसे काफी पसंद करते हैं और IMDb पर इसे 10 में से 6.1 की रेटिंग मिली है।