ऑन-एयर बोला झूठ, फिर ड्रेसिंग रूम में वैभव सूर्यवंशी ने खोला A सेलिब्रेशन का राज

आईपीएल 2026 (IPL 2026) में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं। जयपुर में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव भले ही अपने शतक से चूक गए, लेकिन उनकी धमाकेदार पारी ने फैंस का दिल जीत लिया। इस मैच में अर्धशतक पूरा करने के बाद वैभव ने मैदान पर हाथ से ‘A’ बनाकर एक अनोखा जश्न मनाया था। मैच के बाद इंटरव्यू में जिसके बारे में उन्होंने झूठ बोला और गोल-मोल बातें की, ड्रेसिंग रूम में जाकर आखिरकार उस ‘A’ सेलिब्रेशन के पीछे का असली और बेहद भावुक राज खुल गया है।

शतक से चूके लेकिन ‘A’ बनाकर मनाया जश्न, पोस्ट मैच इंटरव्यू में छिपाया राज

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी केवल 93 रन बनाकर आउट हो गए और अपने शानदार शतक से चूक गए। शतक न होने की निराशा उनके चेहरे पर साफ दिखी, लेकिन इससे पहले जब उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया था, तब उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। अर्धशतक का जश्न मनाते हुए उन्होंने हवा में उंगलियों से ‘A’ का साइन बनाया। जब उन्हें शानदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के अवॉर्ड से नवाजा गया, तो एंकर ने उनसे इस खास सेलिब्रेशन का मतलब पूछा।

उस वक्त ऑन-एयर वैभव ने बात को घुमाते हुए कहा, “मुझे इसका मतलब खुद नहीं पता। मैं हर मैच में कुछ न कुछ नया करने की कोशिश करता हूं। मैं सच में इसकी कोई प्लानिंग नहीं करता और इसके पीछे कोई गहरा मतलब नहीं है। पिछले मैच में भी मैंने जो किया था, उसका कोई मतलब नहीं था।”

ड्रेसिंग रूम में खुला सीक्रेट: मां आरती सूर्यवंशी के लिए था यह खास इशारा

मैच खत्म होने के बाद जब राजस्थान रॉयल्स की टीम ड्रेसिंग रूम में लौटी, तो फ्रेंचाइजी के मैनेजर रोमी भिंडर ने वैभव को घेर लिया और दोबारा उसी ‘A’ सेलिब्रेशन के बारे में पूछा। इस बार वैभव अपनी मुस्कान नहीं छिपा सके और उन्होंने फटाक से उस राज से पर्दा उठा दिया, जिसे वो दुनिया से छिपा रहे थे। वैभव ने बताया कि यह सेलिब्रेशन उनकी मां के लिए था, जिनका नाम ‘A’ (आरती सूर्यवंशी) से शुरू होता है।

राजस्थान रॉयल्स द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में वैभव ने दिल की बात बताते हुए कहा, “यह सेलिब्रेशन मैंने अपनी मम्मी को डेडिकेट किया है। उनका नाम ‘A’ से शुरू होता है। मैं ऑन-एयर सबको यह नहीं बताना चाहता था, क्योंकि यह मेरा एक बहुत ही निजी (Personal) मामला है। मैं चाहता था कि इसे ऐसे ही जारी रखूं, लेकिन हां, यह खास तौर पर उन्हीं के लिए था।”

IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का तहलका, ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे

वैभव सूर्यवंशी इस समय आईपीएल 2026 में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा रहे हैं। वह आईपीएल के इतिहास के पहले ऐसे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने एक ही सीजन में 50 से ज्यादा छक्के जड़ने का कारनामा किया है। इतना ही नहीं, आईपीएल के किसी एक सीजन में सबसे तेज गति से 500 से ज्यादा रन बनाने वाले भी वह पहले बल्लेबाज बन चुके हैं। रनों की इस धमाकेदार बरसात के दम पर वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 की ऑरेंज कैप (Orange Cap) की रेस में भी सबसे आगे चल रहे हैं। राजस्थान का यह युवा सितारा अपनी बल्लेबाजी और अपनी मासूमियत दोनों से क्रिकेट जगत का दिल जीत रहा है।