
सिनेमा जगत के ‘कंटेंट किंग’ कहे जाने वाले निर्देशक राजकुमार हिरानी अब ओटीटी की दुनिया में कदम रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने अपनी चर्चित वेब सीरीज ‘प्रीतम और पेड्रो’ का टीजर रिलीज कर दिया है, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। यह शो 3 जुलाई से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा। टीजर इतना क्रिएटिव और मजेदार है कि सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा हर तरफ हो रही है।
अतरंगी अंदाज में किरदारों का परिचय राजकुमार हिरानी ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “आपका अटेंशन हैक करने आ रहे हैं प्रीतम एंड पेड्रो।” टीजर की सबसे बड़ी खासियत इसका अंदाज है, जहां सभी किरदारों को एक राइम (कविता) के जरिए पेश किया गया है। शो में अरशद वारसी ‘प्रीतम’ के किरदार में हैं, जबकि राजकुमार हिरानी के बेटे वीर इस सीरीज में ‘पेड्रो’ की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इनके अलावा मोना सिंह, विक्रांत मैसी और बोमन ईरानी जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आने वाले हैं। टीजर में बोमन ईरानी को एक क्लासरूम में पढ़ाते हुए दिखाया गया है, जो काफी दिलचस्प लग रहा है।
उलझी हुई कहानी और दो अलग अंदाज हालांकि टीजर से सीरीज की पूरी कहानी का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन संकेत साफ हैं कि यह एक कॉमेडी-ड्रामा है। इसमें दो पुलिस अधिकारियों की कहानी है, जो केस सुलझाते-सुलझाते खुद ही समस्याओं में घिर जाते हैं। इन दोनों के काम करने के तरीके बिल्कुल अलग हैं एक पुराना और पारंपरिक है, तो दूसरा टेक-सैवी और आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करता है। अपराध की गुत्थी सुलझाने के दौरान इन दोनों की आपस में भिड़ंत सीरीज को और भी मजेदार बनाती है।
क्यों बनाई वेब सीरीज? राजकुमार हिरानी का मानना है कि ‘प्रीतम और पेड्रो’ में ढेर सारा ह्यूमर, गर्मजोशी और पागलपन है। उन्होंने बताया कि फिल्म के मुकाबले वेब सीरीज के लंबे फॉर्मेट (Long Format) में उन्हें अपने किरदारों की जर्नी को विस्तार से एक्सप्लोर करने का ज्यादा मौका मिला है। टीजर को मिल रही प्रतिक्रिया से साफ है कि दर्शकों को राजू हिरानी का यह नया अंदाज खूब पसंद आ रहा है। यूट्यूब पर प्रशंसक उन्हें ‘लेजंड’ और ‘जीनियस’ बता रहे हैं। क्या यह जोड़ी ओटीटी पर भी जादू चला पाएगी? इसका जवाब 3 जुलाई को मिलेगा।
girls globe