Dehradun के 96 होमस्टे पर बड़ा एक्शन!, DM ने कैंसिल किए रजिस्ट्रेशन

देहरादून से होमस्टे से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। आम जनता की सुरक्षा को देखते हुए जो होमस्टे नियमों के खिलाफ चल रहे थे उनपर डीएम सविन बंसल ने बड़ी कार्रवाई की है। अब तक 96 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त कर दिए गए है। इसके साथ ही पर्यटन वेबसाइट से भी इनको हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

देहरादून के 96 होमस्टे पर बड़ा एक्शन!

जिला प्रशासन की मजिस्ट्रेट टीमों ने देहरादून के अलग-अलग इलाकों में 136 का निरीक्षण किया। जिसमें मानक विपरित संचालित 96 होमस्टे का रजिस्ट्रेशन कैंसिल कर दिया गया। साथ ही पर्यटन वेबसाइट से हटाने प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। ऑपरेशन सफाई के तहत पहले चरण में 17, दूसरे में 79 होमस्टे पर कार्रवाई की गई है। आगे भी ये कार्रवाई जारी रहेगी।

DM ने कैंसिल किए रजिस्ट्रेशन

डीएम के निर्देश अनुसार, सहसपुर और रायपुर के इलाकों में पंजीकृत होमस्टे की जांच के लिए समितियों का गठन किया गया। जिसमें निरीक्षण के बाद 96 होमस्टे ऐसे पाए गए जो उत्तराखंड गृह आवास नियमावली के प्रावधानों के विपरीत संचालित हो रहे थे। इन सभी के रजिस्ट्रेशन कैंसिल करने की संस्तुति स्वीकार कर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई।

लीज और किराए पर संचालित हो रहे थे होमस्टे

निरीक्षण के दौरान जहां कई होमस्टे में रसोई की व्यवस्था नहीं थी। कहीं पर अग्निशमन उपकरण (Firefighting) नहीं थे या फिर उनकी वैधता समाप्त थी। तो वहीं कई होमस्टे का उपयोग बारात घर और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए हो रहा था। कईयों पर स्वामी का निवास नहीं पाया गया। लीज या फिर किराए पर इनको संचालित किया जा रहा था।

निर्धारित क्षमता से अधिक कमरों का संचालन

तो वहीं कई में निर्धारित क्षमता से अधिक कमरों का संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा होमस्टे में रात भर नियम के खिलाफ बार संचालन और लाउड डीजे का भी प्रयोग हो रहा था। हाल ही में निरीक्षण के समय विदेशी नागरिकों के ठहराव (सी-फॉर्म) उपलब्ध नहीं कराने की भी बात सामने आई थी। तो वहीं कुछ होमस्टे रजिस्टर्ड होने के बाद भी संचालित नहीं पाए गए।