Trisha-Suriya Movie Karuppu: तृषा और सूर्या की फिल्म करुप्पु के मॉर्निंग शो रद्द, जानें क्या है वजह

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार सूर्या और अभिनेत्री तृषा कृष्णन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘करुप्पु’ की रिलीज के दिन ही फैंस के लिए एक निराश करने वाली खबर सामने आई है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय से फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग की मंजूरी मिलने के बावजूद, मेकर्स ने ऐन वक्त पर फिल्म के सुबह 9 बजे वाले शो रद्द करने का फैसला किया है। इस घोषणा के बाद से सिनेमाघरों के बाहर इंतजार कर रहे फैंस के बीच मायूसी छा गई है।

‘करुप्पु’ के सुबह के शो क्यों हुए रद्द?

फिल्म के प्रोड्यूसर एसआर प्रभु (ड्रीम वारियर पिक्चर्स) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने लिखा, “कुछ अपरिहार्य कारणों की वजह से ‘करुप्पु’ के सुबह 9 बजे वाले शो रद्द कर दिए गए हैं। इस असुविधा के लिए हम दिल से माफी मांगते हैं।” इंडस्ट्री सूत्रों की मानें तो फिल्म के निर्माताओं को कुछ तकनीकी और आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे सुलझाने के लिए बुधवार रात से ही बातचीत का दौर जारी था, लेकिन सुबह तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका।

डायरेक्टर आरजे बालाजी ने जताई उम्मीद

फिल्म के निर्देशक आरजे बालाजी ने भी एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए फैंस से संयम बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा, “पिछले 32 महीनों में ‘करुप्पु’ ने कई चुनौतियों का सामना किया है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए फिलहाल मेरे पास कोई जवाब नहीं है, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि ‘करुप्पु स्वामी’ इन रुकावटों को दूर करेंगे और फिल्म जल्द ही बड़े पर्दे पर होगी।”

थिएटर मालिकों ने बुकिंग को लेकर दी जानकारी

चेन्नई के प्रसिद्ध ‘रोहिणी सिल्वर स्क्रीन’ के निखिलेश सूर्या ने बताया कि डिस्ट्रीब्यूशन टीम की ओर से बुकिंग रोकने का कॉल आया था। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जैसे ही मुद्दे सुलझ जाएंगे, बुकिंग फिर से शुरू कर दी जाएगी। यदि फिल्म दोपहर या शाम के शो से शुरू होती है, तो पहले से की गई बुकिंग मान्य रहेगी। फिलहाल फैंस को फिल्म की नई टाइमिंग का इंतजार है।

एक्शन और कोर्टरूम ड्रामा से भरपूर है ‘करुप्पु’

आरजे बालाजी के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक हाई-वोल्टेज एक्शन ड्रामा है। फिल्म में सूर्या एक ऐसे व्यक्ति के किरदार में हैं जो न्याय के लिए कोर्ट के अंदर और बाहर दुश्मनों से लोहा लेता है। वहीं, तृषा कृष्णन ने ‘प्रीति’ नाम की वकील की भूमिका निभाई है। फिल्म में सूर्या और तृषा के अलावा इंद्रांस, स्वासिका और शिवदा जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत साई अभ्यंकर ने दिया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी जी. के. विष्णु की है।