मुंबई: बॉलीवुड और टीवी जगत की लोकप्रिय अभिनेत्री मौनी रॉय इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और शादीशुदा रिश्तों को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट पर मौनी और उनके पति सूरज नांबियार के बीच अलगाव और तलाक की खबरें तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तमाम अटकलों के बीच ‘नागिन’ फेम अभिनेत्री को बुधवार रात पहली बार सार्वजनिक रूप से स्पॉट किया गया, जहाँ उनके एक खास अंदाज ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
डिनर नाइट पर दिखी बड़ी डायमंड रिंग
मुंबई के बांद्रा में एक रेस्टोरेंट के बाहर मौनी रॉय को उनकी सहेली के साथ डिनर के बाद देखा गया। ब्लैक कलर की स्टनिंग ड्रेस में मौनी हमेशा की तरह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। लेकिन पैपराजी और फैंस की नजरें उनके ग्लैमरस लुक से ज्यादा उनके हाथ की एक बड़ी डायमंड रिंग पर टिक गईं। मौनी जिस तरह से अपनी अंगूठी फ्लॉन्ट कर रही थीं, उसे देखकर सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है। फैंस कयास लगा रहे हैं कि क्या यह अंगूठी उनके और सूरज के बीच ‘सब कुछ ठीक है’ का संकेत है?
मौनी रॉय ने तोड़ी चुप्पी: मीडिया से की ये अपील
तलाक की अफवाहों के जोर पकड़ने के बाद मौनी रॉय ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने मीडिया और फैंस से अपनी प्राइवेसी का सम्मान करने का आग्रह किया। मौनी ने लिखा, “मैं सभी मीडिया हाउस से विनम्र निवेदन करती हूं कि कृपया गलत खबरें और भ्रामक कहानियां न फैलाएं। हमें थोड़ा स्पेस और प्राइवेसी दें।” मौनी के इस बयान ने मामले को और भी सस्पेंसपूर्ण बना दिया है, क्योंकि उन्होंने तलाक की खबरों को सिरे से खारिज नहीं किया, बल्कि उन्हें ‘गलत नैरेटिव’ बताया है।
कैसे शुरू हुई तलाक की चर्चा?
मौनी और सूरज के रिश्तों में खटास की खबरें तब शुरू हुईं जब फैंस ने नोटिस किया कि दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। इतना ही नहीं, मौनी के सोशल मीडिया अकाउंट से उनकी शादी की कुछ तस्वीरें भी गायब दिखीं। इसके तुरंत बाद खबर आई कि सूरज नांबियार ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट ही डिएक्टिवेट कर दिया है। मौनी की करीबी दोस्त दिशा पाटनी द्वारा भी सूरज को अनफॉलो किए जाने की खबरों ने इन अफवाहों को और हवा दी।
2022 में हुई थी ग्रैंड वेडिंग
बता दें कि मौनी रॉय और दुबई स्थित बिजनेसमैन सूरज नांबियार ने 27 जनवरी 2022 को गोवा में बड़े धूमधाम से शादी की थी। उनकी शादी मलयाली और बंगाली दोनों रीति-रिवाजों से हुई थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। अब करीब चार साल बाद अचानक आई इन खबरों ने फैंस को चिंता में डाल दिया है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी तक दोनों की तरफ से अलगाव की पुष्टि नहीं की गई है।
girls globe
