कैलिफोर्निया : अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निर्वाचित जन-प्रतिनिधि ही दुश्मन देश की ‘एजेंट’ निकलीं। आर्काडिया शहर की पूर्व मेयर ईलीन वांग ने आखिरकार यह स्वीकार कर लिया है कि वे अमेरिकी धरती पर रहकर चीनी सरकार के इशारों पर काम कर रही थीं। उन पर चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) के निर्देश पर अमेरिका में चीन समर्थक माहौल बनाने और प्रोपेगेंडा फैलाने का गंभीर आरोप है।
चीन समर्थक वेबसाइट और प्रोपेगेंडा का खेल
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, ईलीन वांग पर आरोप है कि उन्होंने एक समाचार वेबसाइट का इस्तेमाल कर अमेरिका में चीन के पक्ष में नैरेटिव सेट करने की कोशिश की। फेडरल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन (FBI) की जांच में खुलासा हुआ कि वांग 2020 से 2022 के बीच लगातार ऐसी सामग्री पोस्ट कर रही थीं, जो सीधे तौर पर बीजिंग के हितों को साधती थी। उस समय अमेरिका में जोए बाइडन की सरकार थी और वांग आर्काडिया की मेयर के पद पर आसीन थीं।
WeChat संदेशों ने खोली पोल: FBI के हाथ लगे पक्के सबूत
अमेरिकी जांच अधिकारियों के पास वांग के खिलाफ सबूतों का अंबार है। एफबीआई ने उनके चीनी मैसेजिंग ऐप WeChat के संदेशों को डिकोड किया है, जिससे उनके और चीनी हैंडलर्स के बीच सीधे संपर्क की पुष्टि होती है। लॉस एंजिलिस एफबीआई चीफ ने इस पर चिंता जताते हुए कहा, “यह बेहद डरावना है कि एक निर्वाचित अधिकारी विदेशी सरकार के लिए प्रचार कर रही थी।” एफबीआई अब उन अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है जो विदेशी ताकतों के लिए ‘स्लीपर एजेंट’ का काम कर रहे हैं।
काश पटेल का कड़ा रुख: ‘अवैध एजेंट’ के रूप में काम करने की पुष्टि
इस पूरे मामले पर एफबीआई चीफ काश पटेल ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईलीन वांग ने स्वीकार किया है कि उन्होंने 2020 से 2022 तक विदेशी एजेंट के रूप में अवैध रूप से काम किया। वांग अब अपने पद से इस्तीफा देने और अपराध स्वीकार करने पर सहमत हो गई हैं। बता दें कि इस अपराध के लिए उन्हें 10 साल तक की जेल की सजा भुगतनी पड़ सकती है।
कैसे हुआ इस ‘मेयर जासूस’ का पर्दाफाश?
मामले की शुरुआत तब हुई जब वांग ने मेयर रहते हुए वेबसाइट्स पर चीन समर्थक पोस्ट बढ़ा दीं। चीनी मूल की अमेरिकी नागरिक होने के कारण उन पर संदेह गहराया। जांच के दौरान उनके पूर्व मंगेतर योनिंग माइक सन को गिरफ्तार किया गया, जिसने पिछले साल अक्टूबर में चीन के लिए जासूसी की बात कबूल ली थी। मंगेतर के फंसने के बाद वांग के पास बचने का कोई रास्ता नहीं बचा और उन्होंने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
हालांकि, वांग के वकीलों का कहना है कि उन्होंने अपनी ‘निजी गलतियों’ के लिए माफी मांगी है और उनका अपने समुदाय के प्रति समर्पण बरकरार है। लेकिन कानून विशेषज्ञों का मानना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मामले में उन्हें कड़ी सजा मिलना तय है।
girls globe
