हरिद्वार में बड़ा हादसा: अनियंत्रित होकर सोनाली नदी में गिरी कार, पांच लोग घायल

हरिद्वार से हादसे की खबर सामने आ रही है। रुड़की के लक्सर क्षेत्र में सोनाली नदी पुल पर तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों के घायल होने की खबर है।

हरिद्वार में रेलिंग तोड़कर सोनाली नदी में गिरी कार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार रुड़की की ओर जा रही थी जैसे ही कार सोनाली नदी पुल पर पहुंची अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुल पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

हादसे में पांच लोग घायल

सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया। जहां सभी का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद ट्रैक्टर की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को नदी से बाहर निकाला गया।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

हादसे को लेकर लक्सर एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि हादसे में शुरुआती वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना मन जा रहा है। हालांकि हादसे के कारणों की जांच जारी है। घायलों की पहचान रचना पत्नी जसवीर निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द, सोनी पत्नी अनिल निवासी दाबकी महेश्वरी, कोमल पत्नी अमन निवासी मारकपुर, श्रीकांत पुत्र सुरेश निवासी बिजनाखेड़ी थाना नकुड़ सहारनपुर और अनिल पुत्र राजेंद्र निवासी दाबकी महेश्वरी के रूप में हुई है।