
रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में पुलिस ने जाली नोट चलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 850 रुपए के नकली नोट बरामद हुए हैं। हैरानी की बात यह रही कि सभी नोटों पर एक ही सीरियल नंबर छपा हुआ था। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुट गई है।
हरिद्वार में जाली नोटों का खेल बेनकाब
आरोपी की पहचान अल्ताफ उर्फ इल्ताफ निवासी मुंडलाना के रूप में हुई है। मंगलौर सीओ अभिनव चौधरी ने बताया कि 7 मई को आरोपी ने मुंडलाना रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर 100 रुपए का नकली नोट देकर पेट्रोल भरवाने की कोशिश भी की थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अकबरपुर-सिक्खर रोड स्थित नए स्विमिंग पुल के पास पहुंची।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा
पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से 100-100 के 8 नकली नोट और 50 रुपए का एक नकली नोट बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने नोटों के जाली होने की बात स्वीकार कर ली। हालांकि उसने बताया कि वह दोस्तों के साथ शराब पीता है और उसे याद नहीं कि ये नोट उसे किसने दिए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से एक सैमसंग कीपैड मोबाइल भी बरामद किया है।
जांच में जुटी पुलिस की टीम
सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
girls globe