
Suvendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद एक बार फिर राजनीतिक हिंसा ने राज्य को दहला दिया है। बुधवार, 6 मई की रात बीजेपी के कद्दावर नेता और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मध्यमग्राम में सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर के बाद पूरे बंगाल में तनाव का माहौल है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला ‘सुपारी किलिंग’ या प्रोफेशनल किलर्स का काम लग रहा है।
आइए 4 स्टेप्स में समझते हैं कि कैसे इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
1. घर लौटते वक्त स्कॉर्पियो को किया ओवरटेक
चंद्रनाथ रथ पिछले 5 सालों से सुवेंदु अधिकारी की हर सियासी गतिविधि के रणनीतिकार थे। बुधवार रात करीब 11:00 से 11:30 बजे के बीच जब वह अपनी कार से घर लौट रहे थे, तभी मध्यमग्राम के दोहड़िया के पास एक संदिग्ध चार पहिया गाड़ी ने उनकी कार को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया। कार के रुकते ही पीछे से हेलमेट पहने बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे।
2. पॉइंट ब्लैंक रेंज से सिर और सीने में मारी गोलियां
चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने कार की बाईं ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने चंद्रनाथ के सिर और सीने को निशाना बनाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनके सीने में लगी दो गोलियां दिल के आर-पार हो गईं और सिर में तीन गोलियां मारी गईं। इस हमले में चंद्रनाथ का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
3. फर्जी नंबर प्लेट और प्रोफेशनल प्लानिंग
पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्धार्थ नाथ गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल से जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने एक लावारिस गाड़ी भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल हमले में होने की आशंका है। चौंकाने वाली बात यह है कि उस गाड़ी की नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है। जिस तरह से गाड़ी को बीच रास्ते में रोका गया और सटीक निशाना लगाया गया, उससे साफ है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी।
4. टीएमसी पर आरोप और राजनीतिक उबाल
बीजेपी ने इस हत्या का सीधा आरोप तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं पर लगाया है। स्थानीय लोगों ने घायल चंद्रनाथ को तुरंत डायवर्सिटी नर्सिंग होम पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
girls globe