
देश में महिलाओं के बीच तेजी से बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर (Breast Cancer) के मामलों की समय रहते पहचान करने और जांच को आम लोगों की पहुंच में लाने के लिए एक बड़ी कामयाबी मिली है। प्रमुख डायग्नोस्टिक्स और मेडिकल टेक्नोलॉजी कंपनी ‘लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्रीज लिमिटेड’ (Lord’s Mark Industries Limited – LMIL) को अपनी स्वदेशी और रेडिएशन-फ्री ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग तकनीक के निर्माण के लिए आधिकारिक मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस मिल गया है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह नए साल यानी जनवरी 2027 से अपने डायग्नोस्टिक नेटवर्क ‘लॉर्ड्स पैथ लैब्स’ (Lord’s Path Labs) और साझेदार अस्पतालों के माध्यम से यह स्क्रीनिंग सेवा शुरू करेगी। सबसे राहत की बात यह है कि कंपनी ने इस जांच की अनुमानित कीमत 700 रुपये से भी कम रखने का लक्ष्य तय किया है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी बिना किसी हिचकिचाहट के शुरुआती जांच करा सकें।
कंपनी के इस स्वदेशी उत्पाद का नाम ‘लॉर्ड्स मेड ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग किट’ (Lords Med Breast Cancer Screening Kit) है। पारंपरिक जांच विधियों के विपरीत यह पूरी तरह नॉन-इनवेसिव (बिना किसी चीर-फाड़ या दर्द) और रेडिएशन-फ्री तकनीक है। इसमें 28 से 36 उच्च-संवेदनशील थर्मल सेंसर (Thermal Sensors) से लैस एक विशेष पहनने योग्य (Wearable) प्रणाली का उपयोग किया जाता है। ये सेंसर ब्रेस्ट की सतह के तापमान में होने वाले सूक्ष्म बदलावों और पैटर्न को मापते हैं, जिससे शरीर के भीतर होने वाली शुरुआती असामान्यताओं का संकेत मिल जाता है। कंपनी के अनुसार, यह तकनीक सघन ब्रेस्ट ऊतकों (Dense Breast Tissue) के मामले में भी बेहद शुरुआती स्तर पर बदलावों की पहचान करने में सक्षम है।
लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्रीज को यह लाइसेंस चिकित्सा उपकरण नियम, 2017 (Medical Devices Rules, 2017) के फॉर्म MD-5 के तहत ‘क्लास-बी’ (Class B) मेडिकल डिवाइस की श्रेणी में प्राप्त हुआ है, जिसका लाइसेंस नंबर MFG/MD/2026/000736 है। एआई-आधारित डायलिसिस मशीन के बाद मेडिकल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में यह कंपनी का दूसरा बड़ा उत्पाद है।
हालांकि, चिकित्सा विशेषज्ञों और कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह किट एक ‘फर्स्ट-लाइन स्क्रीनिंग समाधान’ (First-Line Screening Solution) है, न कि कैंसर की अंतिम पुष्टि करने वाला टेस्ट। यदि इस शुरुआती थर्मल स्क्रीनिंग में कोई संदिग्ध बदलाव दिखाई देता है, तो डॉक्टर उसके आधार पर आगे की पुष्टिकरण जांच जैसे मैमोग्राफी (Mammography), अल्ट्रासाउंड या बायोप्सी कराने की सलाह देंगे।
भारत में ब्रेस्ट कैंसर महिलाओं में होने वाला सबसे आम कैंसर बन चुका है और जागरूकता व महंगे टेस्ट के कारण अधिकांश मामलों का पता तीसरी या चौथी स्टेज में चलता है। लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक और सीईओ डॉ. सच्चिदानंद उपाध्याय के अनुसार, इस तकनीक को 700 रुपये से कम कीमत पर उपलब्ध कराने का मुख्य उद्देश्य वित्तीय बाधाओं को दूर करना और निवारक स्वास्थ्य जांच (Preventive Screening) को बढ़ावा देना है। जनवरी 2027 से लॉर्ड्स पैथ लैब्स के जरिए इसकी शुरुआत करने के साथ ही कंपनी देशभर के निजी अस्पतालों, डायग्नोस्टिक लैब्स और स्वास्थ्य संस्थानों के साथ साझेदारी करेगी। इसके अलावा समाज के हर वर्ग की महिलाओं तक इस सुविधा को पहुंचाने के लिए इसे केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के साथ जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
girls globe