महर्षि वाल्मीकि के आदर्श सत्य, धर्म और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देते हैं : महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बधाई एवं शुभकामनाएं, केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर सम्पूर्ण विश्व को सत्य, धर्म, सदाचार और मानवीय मूल्यों के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उनकी रचना भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक जीवन के आदर्शों का अमूल्य धरोहर है।

श्री मौर्य ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और मर्यादाओं को जन-जन तक पहुंचाकर समाज को सत्य, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और न्याय का मार्ग दिखाया। रामायण में निहित जीवन मूल्य आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को सदाचारपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनका साहित्य हमें यह संदेश देता है कि ज्ञान, विचार और कर्म के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता, समानता और आपसी सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे महर्षि वाल्मीकि के विचारों और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समतामूलक एवं समरस समाज के निर्माण में योगदान दें। श्री मौर्य ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार भारतीय संस्कृति, महापुरुषों की गौरवशाली विरासत तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। महर्षि वाल्मीकि के आदर्श समाज को एकता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने शरद पूर्णिमा पर भी दी शुभकामनाएं

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने माता लक्ष्मी जी एवं चंद्र देव से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति, खुशहाली, यश और समृद्धि का संचार हो तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मकता और मंगलमय वातावरण बना रहे।