
भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह और हरियाणवी एक्ट्रेस व मॉडल अंजलि राघव के बीच लखनऊ में हुए एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान उपजा विवाद काफी चर्चा में रहा। गाने के प्रमोशन के दौरान मंच पर अंजलि राघव को अनुचित तरीके से छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पवन सिंह को भारी विरोध और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। इस घटना के बाद अंजलि राघव ने वीडियो जारी कर अपना दर्द बयां किया था और भोजपुरी इंडस्ट्री छोड़ने तक का ऐलान कर दिया था। सोशल मीडिया पर बढ़ते दबाव के बाद आखिरकार पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी और अंजलि से माफी मांगी।
पवन सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी और पोस्ट के जरिए इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए लिखा:
“अंजलि जी, व्यस्त शेड्यूल के कारण मैं आपका लाइव देख नहीं पाया, लेकिन मुझे जब इस बात की जानकारी हुई तो मुझे बहुत बुरा लगा। मेरा आपके प्रति कोई भी गलत इरादा या दुर्भावना नहीं थी, क्योंकि हम लोग कलाकार हैं। इसके बावजूद अगर आपको हमारे किसी भी व्यवहार से तकलीफ हुई हो, तो उसके लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूं।”
इससे पहले उन्होंने हाथ जोड़े हुए अपनी एक तस्वीर के साथ एक भावुक कहावत भी लिखी थी: “एक कहावत है- जिस तन लागे सो तन जाने, कोई न जाने पीर पराई।”
पवन सिंह द्वारा सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त किए जाने के बाद अंजलि राघव ने भी उनके इस माफीनामे को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया। अंजलि ने इस विवाद को विराम देते हुए लिखा कि पवन सिंह जी ने अपनी गलती की माफी मांग ली है, वे उनसे उम्र और अनुभव में बड़े व सीनियर कलाकार हैं। उन्होंने लिखा कि वे पवन सिंह को माफ करती हैं और इस मुद्दे को अब और आगे नहीं बढ़ाना चाहती हैं।
girls globe