
रुड़की से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शिक्षा के मंदिर में सरेआम गुंडागर्दी देखने को मिली। कुछ अज्ञात युवकों ने यूनिवर्सिटी में घुसकर एक छात्र के साथ बुरी-तरह मारपीट की। जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
कोर यूनिवर्सिटी में घुसकर दबंगों ने की छात्र की बेरहमी से पिटाई
रुड़की तहसील के बहादराबाद थाना क्षेत्र स्थित कोर यूनिवर्सिटी में करीब आधा दर्जन अज्ञात दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। बेल्टों और लात-घूंसों से हुई इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह कैंपस के भीतर बेखौफ घूमते ये दबंग युवक कैसे एक निहत्थे छात्र को बेहरमी से पीट रहे हैं।
हमलावरों के आगे बेबस नजर आए यूनिवर्सिटी के सुरक्षा गार्ड
जानकारी के मुताबिक, हमलावरों की संख्या आधा दर्जन से अधिक थी, जिन्होंने कॉलेज परिसर के भीतर घुसकर युवक को निशाना बनाया। हैरानी की बात तो यह है कि यूनिवर्सिटी के सुरक्षा गार्ड मौके पर मौजूद थे, लेकिन वे इन हमलावरों के आगे पूरी तरह बेबस और ‘बौने’ नजर आए। सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने यूनिवर्सिटी प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
युवक के सिर पर आई चोट
पीड़ित युवक रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के जबरदस्तपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित के परिजनों ने बहादराबाद थाने में तहरीर देकर सख्त कार्यवाही की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद से यूनिवर्सिटी के छात्रों में भारी आक्रोश है। छात्रों का सवाल है कि अगर कैंपस के भीतर भी वे सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर भारी-भरकम फीस और सुरक्षा के दावों का क्या मतलब? फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है, लेकिन सवाल अब भी वही है इन दबंगों को कानून का खौफ कब होगा?
girls globe