
श्री मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया श्री अखिलेश यादव का PDA पूरी तरह फर्जी है। यह पिछड़ों और दलितों को भ्रमित करने तथा उनके साथ धोखेबाजी करने का राजनीतिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पिछड़ों और दलितों के हितों के नाम पर लंबे समय तक राजनीति की, लेकिन जब वास्तविक अवसर देने और सशक्त बनाने की बात आई तो इन वर्गों के हितों की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी की इस धोखेबाजी का जवाब एक बार नहीं, बल्कि अनेक बार दे चुकी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता ऐसा जवाब देगी कि समाजवादी पार्टी के नेता सैफई में नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता विकास, सुशासन, सुरक्षा, गरीब कल्याण और सबका साथ-सबका विकास की नीति के साथ खड़ी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव द्वारा भाजपा सरकार पर की जा रही बयानबाजी पर उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि “सूप बोले तो बोले, छलनी न बोले।” उन्होंने कहा कि श्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में पूरा उत्तर प्रदेश बर्बादी के कगार पर पहुंच गया था। प्रदेश की सड़कें गड्ढों में तब्दील थीं, बिजली व्यवस्था बदहाल थी, कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त थी और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश की जनता ने जो स्थिति देखी है, उसे वह भूली नहीं है। श्री मौर्य ने कहा कि आज जब श्री अखिलेश यादव इस प्रकार की बयानबाजी करते हैं तो ऐसा लगता है कि वे “बयानवीर” हो गए हैं। जनता विकास और सुशासन को देख रही है और उसे पूर्ववर्ती सरकार तथा वर्तमान डबल इंजन सरकार के कार्यों का अंतर स्पष्ट दिखाई देता है।
girls globe