
गोरखपुर: गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन अपने खास अंदाज और भोजपुरी शैली में दिए गए बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। शनिवार को भी उनका ऐसा ही अंदाज देखने को मिला, जब कल्याण मंडपम के उद्घाटन समारोह में उन्होंने गोरखपुर की तारीफ करते हुए विपक्ष पर तंज कस दिया। रवि किशन ने कहा कि उन्हें गोरखपुर स्मार्ट सिटी ही नहीं, बल्कि स्पेन जैसा नजर आता है। इसके बाद उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि अगर किसी को यह दिखाई नहीं देता तो वह इसमें क्या कर सकते हैं। सांसद की बात सुनकर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मत्स्य मंत्री संजय निषाद भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
‘हमके लगेला गोरखपुर स्पेन है’, रवि किशन ने क्या कहा?
गोरखपुर के बशारतपुर में शनिवार को नवनिर्मित कल्याण मंडपम का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सांसद रवि किशन ने भी संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने गोरखपुर की बदलती तस्वीर और विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें अपने शहर पर गर्व है।
रवि किशन ने भोजपुरी अंदाज में कहा, ‘हमके लगेला गोरखपुर स्पेन है। हमके लगेला गोरखपुर अद्भुत जगह है। हमके लगेला कि गोरखपुर स्मार्ट सिटी हवे।’ उन्होंने कहा कि वह कई जगहों पर गए हैं और गोरखपुर उन्हें बेहद खास नजर आता है।
‘केहू आंख के अंधा बा त हम का करी’
गोरखपुर की तारीफ करते हुए भाजपा सांसद ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि अगर किसी को गोरखपुर का विकास नजर नहीं आता तो वह इसमें क्या कर सकते हैं। रवि किशन ने कहा, ‘अगर केहू आंख के अंधा बा त हम का करी। जेके कुछ नाहीं दिखत बा।’
उनके इस अंदाज पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया। मंच पर बैठे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संजय निषाद भी मुस्कुराते नजर आए। कार्यक्रम का संचालन कर रहीं महिला एंकर भी सांसद की बात सुनकर अपनी हंसी नहीं रोक सकीं। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने जमकर ठहाके लगाए।
बयानों पर होने वाली टिप्पणियों का भी दिया जवाब
रवि किशन ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि उनके बयानों को लेकर लगातार टिप्पणियां की जाती हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने गोरखपुर को स्पेन जैसा बताया है तो इसमें गलत क्या है। सांसद ने अपने अंदाज में सवाल उठाते हुए कहा कि वह देश और दुनिया के कई स्थानों पर गए हैं और उन्हें गोरखपुर की खूबसूरती तथा विकास किसी से कम नहीं लगता।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर को लेकर उनका नजरिया सकारात्मक है और उन्हें अपने शहर पर गर्व है। इसी बात को उन्होंने अपने भाषण के दौरान भोजपुरी अंदाज में लोगों के सामने रखा।
मंच पर दिखा रवि किशन का चिर-परिचित अंदाज
रवि किशन अपने भाषणों में भोजपुरी भाषा और स्थानीय अंदाज का इस्तेमाल करने के लिए जाने जाते हैं। कल्याण मंडपम के उद्घाटन कार्यक्रम में भी उनका यही अंदाज देखने को मिला। गोरखपुर को स्पेन से जोड़ने वाली उनकी टिप्पणी और उसके बाद ‘आंख के अंधा’ वाला तंज सुनकर मंच से लेकर दर्शक दीर्घा तक माहौल हल्का-फुल्का हो गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने रवि किशन के इस अंदाज ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। सांसद के संबोधन के दौरान सीएम योगी और अन्य अतिथियों के चेहरे पर भी मुस्कान नजर आई।
गोरखपुर में कल्याण मंडपम का हुआ उद्घाटन
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बशारतपुर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का उद्घाटन किया। इसी कार्यक्रम में भाजपा सांसद रवि किशन ने अपने संबोधन में गोरखपुर में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने शहर की तारीफ करते हुए इसे स्मार्ट सिटी बताया और कहा कि उन्हें गोरखपुर किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय शहर से कम नहीं लगता।
रवि किशन का यह बयान अब उनके भाषण के उस अंदाज की वजह से चर्चा में है, जिसमें उन्होंने विकास और गोरखपुर की तारीफ के साथ विपक्ष पर भी चुटीले अंदाज में निशाना साधा।
girls globe