Thursday , August 20 2026

90 वर्षीय पीड़िता श्रीमती विद्यावती शर्मा जी से दूरभाष पर वार्ता कर जाना कुशलक्षेम, दिया त्वरित मदद का आश्वासन, केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने जनपद अमेठी में जलभराव के कारण 90 वर्षीय विधवा श्रीमती विद्यावती शर्मा जी का कच्चा मकान ढहने की प्रकाशित खबर को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी, अमेठी को निर्देशित किया कि प्रकरण में तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जाए और श्रीमती विद्यावती शर्मा जी को शासन की नियमानुसार हरसंभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उप मुख्यमंत्री जी ने स्वयं 90 वर्षीय श्रीमती विद्यावती शर्मा जी से दूरभाष पर वार्ता कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने वृद्ध महिला से उनके स्वास्थ्य एवं वर्तमान परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली और उन्हें आश्वस्त किया कि वह चिंता न करें, प्रदेश सरकार और प्रशासन उनके साथ है। अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़िता की आवश्यकताओं का तत्काल आकलन करते हुए उन्हें नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा आवास सहित पात्रता के आधार पर अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही प्राथमिकता से की जाए।

श्री मौर्य जी के निर्देश पर ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा पीड़ित परिवार से जानकारी प्राप्त की। साथ ही, प्रभावित महिला को उपलब्ध कराई जा सकने वाली तत्काल राहत एवं सरकारी योजनाओं के लाभ के संबंध में आवश्यक कार्यवाही शुरू की गई।

श्री मौर्य जी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश के 25 करोड़ लोगों के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे और संकट की घड़ी में जरूरतमंद लोगों को तत्काल राहत मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संवेदनशीलता और तत्परता के साथ जनहित में कार्य कर रही है।

उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्षा ऋतु में जलभराव, अतिवृष्टि अथवा अन्य प्राकृतिक परिस्थितियों से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए प्रशासनिक एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांवों में ऐसी घटनाओं की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करें और पीड़ितों को तत्काल आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।

श्री मौर्य जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मैं एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं और माता-बहनों, युवाओं, किसानों तथा समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की मदद के लिए सदैव तत्पर हूं। उन्होंने कहा कि सेवा, संवेदना और सहयोग ही जनप्रतिनिधित्व का मूल उद्देश्य है। सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना तथा विपरीत परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना सरकार और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

उप मुख्यमंत्री जी ने अमेठी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रीमती विद्यावती शर्मा जी के प्रकरण में की गई कार्यवाही की जानकारी शासन स्तर पर भी उपलब्ध कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।