
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संगठनात्मक ढांचे में एक बड़े और अहम बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं। इस संभावित फेरबदल को लेकर राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी बढ़ गई है, क्योंकि इसी साल जनवरी में नितिन नवीन के सबसे युवा बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद से यह पहली बार होगा जब राष्ट्रीय स्तर पर टीम का नए सिरे से गठन किया जाएगा। इस बड़े बदलाव में पार्टी के संविधान में हुए संशोधनों के तहत महिलाओं और युवाओं को विशेष प्राथमिकता मिलने की संभावना जताई जा रही है।
नई टीम में इन पदों पर हो सकती है ताजपोशी
सामने आ रही जानकारियों के अनुसार, बीजेपी के नए संगठनात्मक ढांचे में एक राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के साथ-साथ कई राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री और राष्ट्रीय मंत्रियों की नियुक्ति की जा सकती है। पार्टी के संविधान में हाल ही में किए गए संशोधनों के मुताबिक, संगठनात्मक पदों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत हिस्सेदारी आरक्षित की गई है, जिसका असर इस नई टीम में साफ तौर पर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, सामाजिक संतुलन को साधते हुए हर वर्ग में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से कम से कम तीन पदाधिकारियों को प्रतिनिधित्व दिए जाने की भी चर्चा है।
पार्लियामेंट्री बोर्ड और राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी होगा गठन
संगठन के पुनर्गठन के साथ ही पार्टी की सबसे बड़ी निर्णय लेने वाली संस्था ‘पार्लियामेंट्री बोर्ड’ (संसदीय बोर्ड) और ‘केंद्रीय चुनाव समिति’ का भी नए सिरे से गठन किया जाना है। नियमों के अनुसार, पार्लियामेंट्री बोर्ड में राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत अधिकतम 11 या 12 सदस्य हो सकते हैं। इसके साथ ही, पार्टी की रणनीतियों और नीतियों पर विचार करने वाली ‘राष्ट्रीय कार्यकारिणी’ का भी गठन होना है, जिसमें कुल 120 सदस्यों में से कम से कम 40 महिलाओं का होना अनिवार्य है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार की टीम में युवा चेहरों को आगे लाकर पार्टी आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए एक नई रणनीति तैयार कर रही है।
girls globe