
ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर इन दिनों साउथ की एक शानदार फिल्म ‘इधायम मुरली’ जमकर ट्रेंड कर रही है। सस्पेंस, रोमांस और कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म ने दर्शकों को अपना दीवाना बना लिया है। फिल्म की कहानी इधाया नाम के एक ऐसे लड़के की है, जो अपनी जिंदगी में कभी भी वक्त पर अपने प्यार का इजहार नहीं कर पाता। हर बार देरी करने की उसकी यह आदत कहानी में कई दिलचस्प ट्विस्ट लाती है। दर्शकों ने इस फिल्म को खूब प्यार दिया है, जिसके चलते इसे IMDb पर 7.5 की शानदार रेटिंग मिली है। सबसे खास बात यह है कि फिल्म में सुपरस्टार फहाद फाजिल का एक धांसू कैमियो है, जो इसके क्लाइमेक्स को एकदम पलट कर रख देता है। आइए जानते हैं इस दिलचस्प फिल्म की पूरी कहानी।
बचपन की वो अजीब गलतफहमी और टीचर की डिलीवरी
कहानी की शुरुआत वर्तमान से होती है, जहां इधाया की शादी होने वाली है, लेकिन वह अपने पहले प्यार का इजहार करने के लिए अमेरिका से वापस लौट रहा होता है। इसी दौरान फ्लाइट में उसकी मुलाकात सूर्या नाम के शख्स से होती है। बातों-बातों में इधाया अपने बचपन का एक बेहद फनी किस्सा सुनाता है। बचपन में इधाया को लगता था कि लड़की सिर्फ किस करने से प्रेग्नेंट हो जाती है। एक दिन उसकी टीचर उसे किस कर लेती है, जिससे उसे लगता है कि टीचर प्रेग्नेंट हो गई। इत्तेफाक से गर्मियों की छुट्टियों के बाद जब स्कूल खुलता है, तो टीचर सच में प्रेग्नेंट होती है। इधाया खुद को जिम्मेदार मानकर टीचर का बहुत ख्याल रखने लगता है। एक रात उसे अहसास होता है कि टीचर को मदद की जरूरत है। वह आधी रात दोस्तों के साथ टीचर के घर पहुंचता है, जहां सच में उन्हें लेबर पेन हो रहा होता है और उनके पति विदेश में होते हैं। इधाया उन्हें अस्पताल ले जाता है और फॉर्म में पिता की जगह अपना नाम लिख देता है। इसके बाद टीचर वहां से कहीं गायब हो जाती हैं।
सामंथा, संयुक्ता और अमुधा: प्यार में कंफ्यूजन का सिलसिला
समय बीतता है और इधाया बड़ा हो जाता है। स्पोर्ट्स ग्राउंड में उसे सामंथा नाम की लड़की से पहली नजर का प्यार हो जाता है। लेकिन जल्द ही उसे पता चलता है कि सामंथा की एक हूबहू दिखने वाली जुड़वा बहन संयुक्ता भी है। इसी कंफ्यूजन में वह सामंथा से अपने प्यार का इजहार नहीं कर पाता और मौका हाथ से निकल जाता है। कुछ समय बाद उसकी जिंदगी में अमुधा नाम की एक डॉक्टर की एंट्री होती है। दर्शकों को लगता है कि इस बार बात बन जाएगी, लेकिन फिर से गलतफहमियों के चलते यह रिश्ता भी टूट जाता है।
सचिन की शादी और अमेरिका का अधूरा सफर
लगातार नाकामियों के बाद इधाया अपने अंकल के कहने पर अदिति नाम की लड़की से अरेंज मैरिज के लिए राजी हो जाता है। इसी बीच वह अपने दोस्त सचिन की शादी में जाता है, जहां उसे पता चलता है कि सचिन की होने वाली पत्नी का कनेक्शन उसके पहले प्यार सामंथा से है। सामंथा भी शादी में आती है, लेकिन इधाया इस बार भी उसे अपने दिल की बात नहीं कह पाता और सामंथा अमेरिका लौट जाती है। कुछ दिन बाद मॉल में उसकी मुलाकात अमुधा से होती है, जो बताती है कि कॉलेज में वह भी उससे प्यार करती थी, लेकिन अब वह शादीशुदा है और बच्चों की मां है। यह सुनकर इधाया को बहुत पछतावा होता है। वह तय करता है कि शादी से पहले वह सामंथा को अपने दिल की बात जरूर बताएगा। वह बैचलर पार्टी का बहाना बनाकर अमेरिका पहुंचता है, लेकिन इससे पहले कि वह कुछ कह पाता, सामंथा को उसकी शादी के बारे में पता चल जाता है और इधाया एक बार फिर हार मानकर भारत लौटने लगता है।
फ्लाइट में सूर्या (फहाद फाजिल) से मुलाकात और सबसे बड़ा ट्विस्ट
यहीं से कहानी में दोबारा सूर्या की एंट्री होती है। फ्लाइट में इधाया अपनी ये पूरी लव लाइफ सूर्या को सुनाता है। जब वे भारत एयरपोर्ट पर उतरते हैं, तो सूर्या को लेने उसकी पत्नी आती है। इधाया यह देखकर सन्न रह जाता है कि सूर्या की पत्नी कोई और नहीं बल्कि उसकी बचपन की वही स्कूल टीचर है! इधाया सूर्या को वो बचपन वाली ‘किस’ की गलतफहमी बताता है, जिसे सुनकर सब ठहाके लगाते हैं।
क्लाइमेक्स: जब शादी रुकवाने पहुंची ‘सामंथा’ की जुड़वा बहन!
इधाया बेमन से अदिति से शादी करने मंडप में बैठता है। तभी वहां सूर्या एक लड़की (सामंथा) को लेकर पहुंचता है और शादी रुकवा देता है। दरअसल, सूर्या इधाया की मदद इसलिए करता है क्योंकि बचपन में अगर इधाया सही वक्त पर उसकी पत्नी को अस्पताल नहीं पहुंचाता, तो जच्चा-बच्चा की जान को खतरा हो सकता था। शादी टूट जाती है, लेकिन तभी इधाया गौर करता है कि सूर्या जिस लड़की को लेकर आया है, वह सामंथा नहीं बल्कि उसकी जुड़वा बहन संयुक्ता है! सूर्या मुस्कुराते हुए बताता है कि सामंथा अमेरिका में अपने स्पेस प्रोजेक्ट में बहुत बिजी थी, इसलिए वह शादी रुकवाने के लिए उसकी बहन को ही उठा लाया। अंत में सारे गिले-शिकवे दूर होते हैं और इधाया अपने सच्चे प्यार सामंथा से हमेशा के लिए मिल जाता है।
girls globe