अभिनेत्री तृषा को लेकर विपक्ष की फिर फटी जुबान, क्या अब थलपति विजय करेंगे कोई कड़ा एक्शन?

तमिलनाडु की सियासत में अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर विपक्ष की अभद्र टिप्पणियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के बाद अब एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आरबी उदयकुमार ने मुख्यमंत्री थलपति विजय और अभिनेत्री तृषा को लेकर एक बेहद विवादित और तंज कसने वाला बयान दिया है। इस राजनीतिक बयानबाजी के बाद एक बार फिर राज्य का सियासी पारा हाई हो गया है और फैंस में भारी गुस्सा देखा जा रहा है।

एआईएडीएमके नेता आरबी उदयकुमार का विवादित तंज

एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता आरबी उदयकुमार ने पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जोसेफ थलपति विजय पर निशाना साधते हुए बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में पूछा कि विजय की करीबी कही जाने वाली अभिनेत्री तृषा को तमिलनाडु का उपमुख्यमंत्री कब बनाया जाएगा? उन्होंने यह भी कहा कि पूरा तमिलनाडु इस बात का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।

उदयकुमार दरअसल हाल ही में सिनेमा इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को सरकार में दी जा रही अहम जिम्मेदारियों और नियुक्तियों पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार मुख्यमंत्री के करीबी लोगों और उनकी फिल्मों में काम करने वाले निर्माताओं तथा तकनीकी दल के सदस्यों को मंदिर ट्रस्टी, दिल्ली में विशेष प्रतिनिधि, निजी सचिव और फिल्म प्रशिक्षण संस्थान के प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण सरकारी पदों पर नियुक्त कर रही है। इसी कड़ी में उन्होंने तृषा का नाम घसीटते हुए निशाना साधा।

तृषा के फैंस का फूटा गुस्सा और मदुरै में लगे पोस्टर

विपक्षी नेता द्वारा अभिनेत्री तृषा को लेकर की गई इस अभद्र टिप्पणी के बाद उनके फैंस और समर्थक भड़क उठे हैं। नेता की इस भाषा और अपमानजनक बयानों के खिलाफ तृषा फैन्स एसोसिएशन ने पूरे मदुरै शहर में विरोध प्रदर्शन करते हुए कई जगह तीखे पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टर्स के जरिए नेता की इस घटिया बयानबाजी की पुरजोर आलोचना की गई है।

खास बात यह है कि यह पहला मौका नहीं है जब अभिनेत्री तृषा को इस तरह राजनीतिक निशाने पर लिया गया हो। मुख्यमंत्री विजय के साथ उनके संबंधों की अफवाहों की आड़ में सियासतदान और कई लोग अक्सर इस तरह की ओछी टिप्पणियां करते आए हैं। हालांकि, इस ताज़ा विवाद पर अभी तक मुख्यमंत्री थलपति विजय या अभिनेत्री तृषा की तरफ से कोई भी आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पहले भी उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी पर हुआ था बड़ा बवाल

इससे कुछ दिन पहले, तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन भी अभिनेत्री तृषा को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक और द्विअर्थी टिप्पणी के बाद बड़े विवाद में घिर गए थे। कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान जब भीड़ से ‘तृषा’ के नारे लगे थे, तब उदयनिधि ने मुस्कुराते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी।

उस मामले में सत्तारूढ़ पार्टी टीवीके की शिकायत के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उदयनिधि स्टालिन को उनके घर से हिरासत में लिया था और थाने में कई घंटों तक उनसे लंबी पूछताछ की गई थी, जिसके बाद उन्हें देर रात छोड़ा गया था। अब एक बार फिर AIADMK नेता के इस बयान ने राजनीति में भूचाल ला दिया है और देखना यह होगा कि इस बार प्रशासन या पार्टी स्तर पर क्या एक्शन लिया जाता है।