विधान परिषद में नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने 9 अध्यादेश एवं 68 नियम-विनियम की सूचना सदन के पटल पर रखी

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सत्र में नेता सदन  केशव प्रसाद मौर्य ने सदन की कार्यवाही के दौरान 9 अध्यादेशों तथा 68 नियम एवं विनियमों को सदन के पटल पर प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उन्होंने सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु विपक्ष से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। श्री मौर्य ने नेता प्रतिपक्ष एवं विपक्षी सदस्यों से बार-बार आग्रह किया कि लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करते हुए सदन की गरिमा बनाए रखें तथा जनहित के महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि विधान परिषद लोकतांत्रिक विमर्श का सर्वोच्च मंच है और इसकी कार्यवाही व्यवधानमुक्त एवं गरिमापूर्ण ढंग से संचालित होना सभी पक्षों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार, आर्थिक अपराध तथा धार्मिक संस्थाओं की संपत्ति के दुरुपयोग के मामलों में शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति पर कार्य कर रही है। किसी भी दोषी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा तथा निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के आधार पर सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।