केशव प्रसाद मौर्य ने सावन के प्रथम सोमवार पर प्रदेश एवं देशवासियों को दी हार्दिक शुभकामनाएं

केशव प्रसाद मौर्य उपमुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि वे सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करें तथा उत्तर प्रदेश सहित संपूर्ण राष्ट्र पर अपनी असीम कृपा एवं आशीर्वाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सावन का यह पावन पर्व प्रत्येक नागरिक के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता, आत्मविश्वास एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार करे।श्री मौर्य ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सावन के पावन पर्व को श्रद्धा, भक्ति एवं अनुशासन के साथ मनाएं तथा मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता, व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में अपना सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सावन के प्रथम सोमवार एवं कांवड़ यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा शिव मंदिरों में सुगम जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पूर्व में ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम धार्मिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।अंत में उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने पुनः सभी प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को सावन के प्रथम सोमवार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भगवान शिव से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, वैभव, आनंद एवं निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।